Iran Flight Update: तेहरान के इमाम खोमैनी एयरपोर्ट से फिर शुरू होंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स, शनिवार से उड़ानें भरेंगे विमान

ईरान की राजधानी तेहरान के इमाम खोमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IKIA) से शनिवार, 25 अप्रैल से अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें फिर से शुरू होंगी। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध की वजह से 28 फरवरी से देश का एयरस्पेस बंद कर दिया गया था। अब युद्धविराम के बाद सरकार धीरे-धीरे हवाई सेवाओं को बहाल कर रही है।

किन शहरों के लिए शुरू होंगी उड़ानें और क्या है समय?

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, शनिवार 25 अप्रैल से सबसे पहले इस्तांबुल (तुर्की) और मस्कट (ओमान) के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी। शुरुआती गंतव्यों की सूची में बीजिंग का नाम भी शामिल है। इससे पहले इस हफ्ते की शुरुआत में घरेलू उड़ानें शुरू हो चुकी थीं, जिसमें 22 अप्रैल को तेहरान से मशहद के लिए पहली फ्लाइट संचालित हुई थी।

एयरपोर्ट प्रशासन और सरकार ने क्या कहा है?

इमाम खोमैनी एयरपोर्ट सिटी के सीईओ Ramin Kashef Azar ने बताया कि युद्ध के दौरान निलंबित की गई विदेशी उड़ानें अब फिर से शुरू हो रही हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के सभी बुनियादी ढांचे और नेविगेशन सिस्टम पूरी तरह चालू हैं। हालांकि, एयरपोर्ट और एयर नेविगेशन कंपनी के प्रमुख Mohammad Amirani ने स्पष्ट किया कि परिचालन अभी सीमित रहेगा और पूरी तरह बहाली सुरक्षा स्थितियों पर निर्भर करेगी।

हवाई क्षेत्र खोलने की क्या योजना है?

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने राष्ट्रीय हवाई क्षेत्र को खोलने के लिए चार चरणों की योजना बनाई है, जिसमें IKIA जैसे प्रमुख केंद्रों को तीसरे चरण में शामिल किया गया है। ईरान एयर, महान एयर, सेपहरन और अटा एयरलाइंस जैसे घरेलू वाहकों को अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए टिकट बेचने का अधिकार दिया गया है। सड़क और शहरी विकास मंत्रालय ने इस पूरी प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है।