Iran-US Peace Talks: ईरान के विदेश मंत्री पहुंचे पाकिस्तान, अमेरिका के साथ होगी सीधी बात, दुनिया की नजरें इस्लामाबाद पर
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचे. वहां उनकी मुलाकात पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर समेत कई बड़े नेताओं से हुई. इस दौरे का मुख्य मकसद इलाके में शांति कायम करना और आपसी रिश्तों को बेहतर बनाना है. अब सबकी नजरें शनिवार पर हैं जब अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भी वहां पहुंचेगा.
अमेरिका और ईरान की सीधी बातचीत की तैयारी
व्हाइट हाउस ने जानकारी दी है कि स्पेशल एनवॉय स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शनिवार 25 अप्रैल को इस्लामाबाद पहुंचेंगे. पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत होने की उम्मीद है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान अमेरिकी मांगों को पूरा करने के लिए एक नया प्रस्ताव तैयार कर रहा है. हालांकि, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस बैठक में शामिल नहीं होंगे लेकिन वे पूरी प्रक्रिया पर नजर रखे हुए हैं.
ईरान की शर्तें और मौजूदा तनाव
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि जब तक अमेरिकी नौसेना ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी नहीं हटाती, वे बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं. दूसरी तरफ, अमेरिकी डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी है कि अगर डील नहीं हुई तो इस नाकाबंदी की वजह से ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी. इसी बीच, लेबनान में इजराइल के नए हवाई हमलों ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है, जिससे शांति की कोशिशों के बीच मुश्किलें बढ़ सकती हैं.