Kuwait News: कुवैत में ISIS का बड़ा साजिश नाकाम, पुलिस ने दो नाबालिग लड़कों को किया गिरफ्तार.

कुवैत की सुरक्षा एजेंसियों ने देश की शांति और सुरक्षा को बड़ा खतरा पहुंचाने वाले एक खतरनाक आतंकी प्लान को समय रहते नाकाम कर दिया है। Kuwait's Ministry of Interior यानी गृह मंत्रालय ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि देश में आतंकी संगठन ISIS से जुड़े होने के आरोप में दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई स्टेट सिक्योरिटी सर्विस द्वारा लंबी निगरानी और खुफिया जांच के बाद की गई है, जिससे देश में एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया है।
विस्फोटक बनाने की ट्रेनिंग ले रहे थे आरोपी
जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए दोनों नाबालिग प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ISIS के संपर्क में थे। वे सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से आतंकी संगठन के सदस्यों से लगातार बातचीत कर रहे थे। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब यह पता चला कि ये दोनों आरोपी विस्फोटक सामग्री बनाने की ट्रेनिंग भी ले रहे थे। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य देश में डर का माहौल पैदा करना और एक बड़ी साजिश को अंजाम देना था।
प्रार्थना स्थल को बनाया जाने वाला था निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, इस खतरनाक साजिश के तहत देश के किसी एक संप्रदाय से जुड़े प्रार्थना स्थल को निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। सुरक्षाबलों ने समय रहते इन संदिग्धों की हरकतों को भांप लिया और कड़ी कार्रवाई करते हुए इन्हें दबोच लिया। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के तुरंत बाद उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
माता-पिता के लिए सख्त चेतावनी
इस घटना के बाद कुवैत सरकार ने देश के सभी नागरिकों और खासतौर पर माता-पिता के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी की है। मंत्रालय ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। बच्चों को चरमपंथी विचारधाराओं और आपराधिक गतिविधियों के खतरों के बारे में बताएं और उनके सोशल मीडिया के इस्तेमाल की निगरानी करें। सरकार का यह भी कहना है कि बच्चों के मन में देश के प्रति वफादारी, कानून का सम्मान और राष्ट्रीय अपनेपन की भावना पैदा करना बेहद जरूरी है ताकि युवा पीढ़ी को इस तरह के खतरनाक रास्तों से बचाया जा सके।