कुवैत में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास (Indian Embassy) ने 5 मार्च 2026 को एक नई और महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। 28 फरवरी से कुवैत का एयरस्पेस बंद होने के कारण वहां से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स रद्द हैं, जिससे कई यात्री ट्रांजिट में फंस गए हैं। एंबेसी ने साफ किया है कि वह कुवैत के अधिकारियों के साथ मिलकर इन यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार काम कर रही है। भारत सरकार ने भी इस मामले को प्राथमिकता देते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

👉: UAE में रमजान की रौनक, ऐतिहासिक गांव में जुटे लोग, जानिए इफ्तार का खर्च और नियम

सुरक्षा नियम और वीज़ा पर क्या है निर्देश?

एंबेसी ने कुवैत में रह रहे सभी भारतीयों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें। मौजूदा हालात को देखते हुए लोगों को घर के अंदर रहने और बिना किसी जरूरी काम के बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, हवाई फोटोग्राफी या ड्रोन का इस्तेमाल करने पर सख्त मनाही है।

राहत की खबर यह है कि कुवैत के अधिकारियों ने मौजूदा स्थिति को ‘असाधारण परिस्थिति’ मानते हुए फंसे हुए लोगों को वीज़ा में राहत दी है। जिन लोगों का वीज़ा खत्म हो रहा है, उन्हें एक्सटेंशन या जुर्माने में छूट दी जाएगी ताकि वे कानूनी झमेले में न फंसे।

हेल्पलाइन नंबर और फ्लाइट्स की जानकारी

भारत सरकार ने फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए खाड़ी देशों (Gulf Region) से 58 स्पेशल फ्लाइट्स को मंजूरी दी है। एंबेसी ने साफ कहा है कि यात्री तब तक एयरपोर्ट न जाएं जब तक उन्हें एयरलाइन या दूतावास से सीधा संपर्क न किया जाए। किसी भी मदद के लिए 24 घंटे चलने वाली इमरजेंसी हेल्पलाइन शुरू की गई है।

  • Phone/WhatsApp: +965 6550 1946
  • Email: community.kuwait@mea.gov.in

फिलहाल करीब 650 भारतीय कुवैत में फंसे हुए हैं, जिनके रहने और खाने का इंतजाम एंबेसी द्वारा होटल मैनेजमेंट के साथ मिलकर किया जा रहा है।

छात्रों और यात्रियों के लिए अन्य जरूरी अपडेट

इस स्थिति का असर छात्रों पर भी पड़ा है। CBSE बोर्ड ने 10वीं कक्षा की परीक्षाएं (जो 7 से 11 मार्च के बीच होनी थीं) रद्द कर दी हैं। वहीं, 12वीं की परीक्षाओं को टाल दिया गया है और 7 मार्च को स्थिति की समीक्षा के बाद अगली तारीख तय की जाएगी।

इसके साथ ही, भारत लौटने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर भी है। नए नियमों के मुताबिक, अब लौटने वाले रेजिडेंट्स के लिए ड्यूटी-फ्री बैगेज अलाउंस (Duty-Free Allowance) को बढ़ाकर 7.5 लाख रुपये कर दिया गया है। लोगों से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सिर्फ एंबेसी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से मिली जानकारी को ही सच मानें।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.