कुवैत में पिछले 24 घंटों के दौरान एक बड़ा हमला नाकाम किया गया है। कुवैत के रक्षा मंत्रालय और नेशनल गार्ड ने जानकारी दी है कि उन्होंने 2 बैलिस्टिक मिसाइल और 7 ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया है। ये मिसाइलें कुवैत के दक्षिणी हिस्से में और ड्रोन उत्तरी तथा दक्षिणी इलाकों में इंटरसेप्ट किए गए। इस दौरान कुवैत सिटी में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जो एयर डिफेंस सिस्टम के एक्टिव होने की वजह से थीं। गनीमत यह रही कि इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कुछ जगहों पर मलबा गिरने से मामूली नुकसान हुआ है।

आम नागरिकों और प्रवासियों के लिए क्या हैं निर्देश?

कुवैत में काम करने वाले भारतीयों और अन्य प्रवासियों के लिए खास सेफ्टी अलर्ट जारी किया गया है। गृह मंत्रालय और जनरल स्टाफ ने सख्त निर्देश दिया है कि अगर किसी को सड़क या रिहायशी इलाके में कोई मलबा या अनजान वस्तु दिखे, तो उसके करीब ना जाएं।

  • मलबे की जानकारी तुरंत इमरजेंसी नंबर 112 पर दें।
  • कुवैत के सशस्त्र बल अभी सबसे ऊंचे अलर्ट (कंडीशन रेड) पर मौजूद हैं।
  • सुरक्षा के लिहाज से कुवैत और कतर ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए अपने एयरस्पेस में सिविल फ्लाइट्स पर रोक लगाई है, जिसका असर आम यात्रियों और फ्लाइट शेड्यूल पर पड़ सकता है।

खाड़ी देशों में क्यों बढ़ा तनाव?

SaudiNews50 की जानकारी के मुताबिक, यह हमला पिछले 11 दिनों से चल रहे तनाव का हिस्सा है। कुवैत के साथ-साथ सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने भी अपने पूर्वी इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमलों को एक ही समय पर नाकाम किया है। इससे पहले इस हफ्ते कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ्यूल स्टोरेज टैंक और PIFSS बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा था।

इसी बीच ईरान के बंदर अब्बास पोर्ट पर भी एक बड़े धमाके की रिपोर्ट सामने आई है। कुवैत रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी और नेशनल गार्ड के ब्रिगेडियर जनरल डॉ. जदान फदेल ने बताया कि उनकी एयर डिफेंस टीम पूरी तरह से मुस्तैद है। 7 में से 6 ड्रोन को कुवैत नेशनल गार्ड ने अपने एरिया में मार गिराया। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है।

Nura Basta

Nura Basta is the Editor at GulfHindi.com and a journalism graduate from IIMC Delhi. With more than 7 years of professional experience, he has worked with leading media organizations including Aaj Tak (2018–2021) and Gulf News (2021–2025). His reporting and editorial work primarily focus on Gulf news, current affairs, and issues relevant to the Indian diaspora. At GulfHindi.com, he is committed to providing credible, well-researched, and impactful content for Hindi readers in the Gulf.