कुवैत के गृह मंत्रालय ने 28 जुलाई 2026 को एक बड़ी कामयाबी की जानकारी दी है। कुवैत, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस संयुक्त अभियान के दौरान 5 लीटर लिक्विड क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (जिसे स्थानीय भाषा में शाबू कहा जाता है) की तस्करी को नाकाम कर दिया गया।

ऑपरेशन में एक तस्कर गिरफ्तार

कुवैत के ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने खुफिया जानकारी और कड़ी निगरानी के बाद इस खेप को पकड़ा। अधिकारियों का कहना है कि जब्त की गई 5 लीटर लिक्विड ड्रग्स से बाजार में करीब 15 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ तैयार की जा सकती थी। ऑपरेशन के दौरान मौके से एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जिसे अब कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों के पास भेज दिया गया है।

खाड़ी देशों की सुरक्षा में आपसी तालमेल

यह कार्रवाई खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) देशों के बीच सुरक्षा तालमेल का हिस्सा है। मंत्रालय ने बताया कि खुफिया जानकारी साझा करने और फील्ड सर्विलांस के जरिए इस नेटवर्क को पकड़ा गया। कुवैत सरकार ने इस बात पर जोर दिया है कि खाड़ी देशों के बीच आपसी सहयोग से ड्रग माफियाओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां ड्रग्स के प्रसार को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.