Milan Linate Airport: मिलान एयरपोर्ट पर प्राइवेट जेट और ग्राउंड व्हीकल की भीषण टक्कर, बाल-बाल बचे लोग

मिलान लिनाते एयरपोर्ट पर सोमवार 10 अगस्त 2026 को एक बड़ा हादसा होते-होते टाल गया, जब एक प्राइवेट जेट और जमीन पर चलने वाली सर्विस गाड़ी आपस में टकरा गईं। यह घटना सुबह करीब 11:19 बजे जनरल एविएशन एप्रन इलाके में हुई, जिससे एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि इस टक्कर में किसी को भी चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल जरूर बन गया था।
फ्लाइट्स पर पड़ा असर और डाइवर्ट हुईं विमान
इस टक्कर के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत कदम उठाया। घटना के तुरंत बाद जाने वाली यानी डिपार्टिंग फ्लाइट्स को करीब 30 से 40 मिनट के लिए रोक दिया गया। इसके अलावा, बाहर से आने वाली दो कॉमर्शियल फ्लाइट्स, जिसमें एक ITA Airways और दूसरी KLM की उड़ान शामिल थी, उन्हें तुरंत दूसरे एयरपोर्ट्स के लिए डाइवर्ट करना पड़ा। ITA Airways की फ्लाइट को मिलान माल्पेसा और KLM की फ्लाइट को बर्गमियो ओरियो अल सेरियो एयरपोर्ट पर उतारा गया। हालात सामान्य होने के बाद एयरपोर्ट पर दोबारा कामकाज शुरू किया गया।
प्राइवेट जेट को हुआ नुकसान और जांच शुरू
इस हादसे में शामिल हॉकर बीचक्राफ्ट 400ए प्राइवेट जेट, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर I-AERB है, उसके रडार डोम और नाक के हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। एविएशन सेफ्टी रेगुलेटर और एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए एक औपचारिक जांच बिठा दी है। शुरुआती सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर ग्राउंड सर्विस यानी सफेद फिएट पांडा गाड़ी बिना किसी ब्रेक के सीधी आगे बढ़ती हुई नजर आ रही है।
हादसे के संभावित कारण और सुरक्षा पर सवाल
जांचकर्ता इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर यह टक्कर कैसे हुई। शुरुआती मूल्यांकनों में यह देखा जा रहा है कि क्या ड्राइवर को अचानक कोई मेडिकल इमरजेंसी तो नहीं आई थी या फिर वह मोबाइल फोन के इस्तेमाल की वजह से गंभीर रूप से डिस्ट्रैक्ट हो गया था। इस घटना के बाद से एविएशन इंडस्ट्री के जानकारों ने इटली के एयरपोर्ट्स पर ग्राउंड सेफ्टी मैनेजमेंट को लेकर चिंता जताना शुरू कर दिया है, क्योंकि इन दिनों एयर ट्रैफिक काफी ज्यादा चल रहा है।