नेपाल सरकार का बड़ा फैसला, देश को हिंदू राष्ट्र बनाने की प्रक्रिया पर शुरू होगा काम

नेपाल सरकार ने वहां के विभिन्न हिंदू संगठनों की मांग को देखते हुए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। धनकुटा के प्रमुख जिला अधिकारी प्रेम प्रसाद लुटेल ने जानकारी दी कि सरकार नेपाल को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की प्रक्रिया को लेकर तीन महीने के भीतर काम शुरू करेगी। इस दौरान सरकार संवैधानिक और राजनीतिक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने की पहल करेगी।
धार्मिक स्थलों और आयोजनों पर नियम
सरकार ने धार्मिक आयोजनों के दौरान हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। विशेष रूप से मजार या अन्य धार्मिक जुलूसों में हथियार लेकर प्रदर्शन करना अब प्रतिबंधित रहेगा ताकि कानून व्यवस्था और शांति बनी रहे। इसके अलावा, धार्मिक स्थलों जैसे मस्जिद, मदरसों, मंदिरों और गुरुद्वारों पर लाउडस्पीकर के उपयोग को भी नियंत्रित किया जाएगा। अब इनका उपयोग केवल परिसर के भीतर ही सुना जा सकेगा।
प्रवासियों और विदेशी फंडिंग पर नजर
प्रशासन अब इन धार्मिक स्थलों में रहने वाले लोगों की पहचान दर्ज कर उनका रिकॉर्ड तैयार करेगा। साथ ही, इन जगहों से जुड़े विदेशी नागरिकों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। सरकार ने मुस्लिम आयोग की प्रासंगिकता की समीक्षा करने की भी बात कही है। इसके अलावा, मस्जिदों और मदरसों को मिलने वाली विदेशी आर्थिक सहायता और फंडिंग की विस्तृत जांच कराई जाएगी, ताकि वित्तीय स्रोतों की पारदर्शिता बनी रहे। वर्ष 2006/07 के बाद प्रदान की गई नेपाली नागरिकताओं की भी जांच की जाएगी ताकि उनकी वैधता सुनिश्चित की जा सके।