बिहार में बस कुछ दिनों में ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जल्द ही चुनाव की तारीखों का भी ऐलान होने वाला है। इससे पहले नीतीश सरकार प्रदेश की जनता के लिए कई ऐसी घोषणायें कर रही है जिससे वो आकर्षित हो सकें।

इसके अंतर्गत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक के दौरान महिलाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का ऐलान किया है, जिसके तहत महिलाओं को रोजगार के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना का लाभ सभी परिवारों की एक महिला को दिया जायेगा। नीतीश सरकार की ओर से महिलाओं को 10,000 रुपये की राशि पहली किस्त के रूप में दी जाएगी।

मुख्यमंत्री नीतीश ने एक्स पर लिखा, ‘हमारी सरकार ने आज कैबिनेट की बैठक में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नई योजना मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की स्वीकृति दी है। योजना का मुख्य लक्ष्य सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है। आर्थिक सहायता के रूप में सभी परिवारों की एक महिला को अपनी पसंद के रोजगार हेतु 10 हजार रुपए की राशि प्रथम किस्त के रूप में दी जाएगी।’

मुख्यमंत्री ने कहा, इच्छुक महिलाओं से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इसमें ग्रामीण विकास विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग का सहयोग रहेगा। उन्होंने कहा कि सितम्बर 2025 से ही महिलाओं के बैंक खाते में पैसा भेजना शुरू कर दिया जाएगा। महिलाओं द्वारा रोजगार शुरू करने के 6 माह के बाद आकलन करते हुए 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता आवश्यकतानुसार दी जा सकेगी।