गल्फ में हवाई सेवा ठप होने के बाद ओमान बना यात्रियों का सहारा, Muscat Airport से शुरू हुई एक्स्ट्रा फ्लाइट्स
गल्फ क्षेत्र में हवाई मार्गों के बंद होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मुश्किल समय में ओमान एक बड़े सहारे के रूप में उभरा है। 8 मार्च 2026 तक की जानकारी के अनुसार, मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट (MCT) अब क्षेत्र का मुख्य इमरजेंसी ट्रांजिट हब बन गया है। जहां दुबई और अबू धाबी में उड़ाने काफी सिमित कर दी गई हैं, वहीं मस्कट से बिना किसी रुकावट के 24 घंटे फ्लाइट्स आपरेट हो रही हैं। यह उन यात्रियों के लिए बड़ी राहत है जो पिछले कुछ दिनों से अपनी यात्रा को लेकर चिंतित थे।
मस्कट एयरपोर्ट से एक्स्ट्रा फ्लाइट्स की सुविधा
मस्कट एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। फ्लाइटराडर24 के डेटा के मुताबिक, शनिवार शाम तक यहाँ उड़ानों की संख्या में भारी उछाल आया है। ओमान एयर और सलाम एयर ने 7 मार्च से 16 मार्च तक लंदन, मुंबई, बैंकॉक और अन्य बड़े शहरों के लिए एक्स्ट्रा फ्लाइट्स शुरू कर दी हैं।
कई यूरोपीय देशों ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए विशेष चार्टर फ्लाइट्स भी मस्कट से ही चलाई हैं। ओमान एयरपोर्ट्स ने पुष्टि की है कि वे एक्स्ट्रा ट्रैफिक को संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह उन भारतीय यात्रियों के लिए भी राहत की खबर है जो यूएई या आसपास के देशों में फसे हैं और भारत लौटना चाहते हैं क्योंकि एक्स्ट्रा फ्लाइट्स में मुंबई का नाम भी शामिल है।
सड़क के रास्ते आने वालों के लिए ज़रूरी नियम
दुबई और अबू धाबी से बड़ी संख्या में यात्री अब सड़क के रास्ते ओमान आ रहे हैं ताकि यहाँ से अपनी फ्लाइट पकड़ सकें। इस कारण यूएई-ओमान बॉर्डर (अल वजाजा और खत्म अल शिकला) पर भारी भीड़ देखी जा रही है। अधिकारियों ने यात्रियों को खास सलाह दी है:
- सड़क मार्ग से आने वाले यात्री अपनी फ्लाइट से कम से कम 12 घंटे पहले मस्कट एयरपोर्ट पहुँचें, ताकि चेकिंग में देरी न हो।
- सुरक्षा कारणों से ओमान में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
- किराए में 20 से 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है क्योंकि रास्ता लंबा हो गया है।
कब तक बंद रहेंगी उड़ानें?
हवाई रास्ता बदलने के कारण यूरोप और अन्य जगहों की उड़ानों का समय 4 से 6 घंटे बढ़ गया है। जो यात्री यात्रा की योजना बना रहे हैं, उन्हें इन तारीखों का ध्यान रखना चाहिए:
- कुवैत, शारजाह, दोहा और दम्मम के लिए उड़ानें 20 मार्च तक बंद रहेंगी।
- इराक, लेबनान और ईरान के लिए उड़ानें 28 मार्च तक सस्पेंड हैं।
- यूरोपीय एजेंसी EASA ने 11 मार्च तक सुरक्षा चेतावनी जारी रखी है।
जो यात्री यूएई या कतर में हैं और जिनकी फ्लाइट कैंसिल हो गई है, उनके लिए मस्कट फिलहाल सबसे सुरक्षित और भरोसेमंद रास्ता है। शारजाह से मस्कट के लिए बस सेवा का भी उपयोग किया जा सकता है।





