ओमान के स्वास्थ्य मंत्रालय (MoH) ने देश में बिकने वाली नकली और बिना मंजूरी वाली दवाओं को लेकर एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। मंत्रालय ने लोगों को चेतावनी दी है कि ऐसी दवाएं सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकती हैं। इसके लिए सरकार ने एक जागरूकता अभियान शुरू किया है ताकि लोग दवा खरीदने से पहले उसकी असलियत की जांच कर सकें।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने साफ कहा है कि नकली दवाएं सुरक्षा और क्वालिटी के मानकों को पूरा नहीं करती हैं। इनका कंपोजिशन और सोर्स असली दवाओं से अलग होता है। अगर कोई व्यक्ति गलती से ऐसी दवा ले लेता है, तो उसकी बीमारी और बिगड़ सकती है, इलाज फेल हो सकता है और गंभीर स्थिति में मौत भी हो सकती है।

मंत्रालय ने उन संकेतों के बारे में भी बताया है जिनसे नकली दवाओं की पहचान की जा सकती है। अगर दवा की पैकिंग का आकार, रंग या क्वालिटी अलग दिखे, या फिर लेबल और कीमत में कुछ अजीब लगे, तो सावधान हो जाएं। दवा के रूप या उसके अंदर के घटकों में बदलाव होना भी एक बड़ा संकेत है।

ओमान में रहने वाले प्रवासियों और स्थानीय लोगों को सलाह दी गई है कि वे दवाएं सिर्फ लाइसेंस वाले फार्मेसी और भरोसेमंद जगहों से ही खरीदें। दवा लेने से पहले फार्मासिस्ट से सलाह जरूर लें। अगर किसी को शक हो कि दवा नकली है, तो उसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें और सरकारी चैनलों के जरिए इसकी रिपोर्ट करें।

यह समस्या खासकर ई-कॉमर्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के बढ़ने से बढ़ी है, जहां कम कीमत का लालच देकर नकली सप्लीमेंट और वजन घटाने वाली दवाएं बेची जा रही हैं। दवाओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए Drug Safety Center (DSC) लगातार काम कर रहा है।

इस अभियान के तहत 2 जुलाई को एक ओपन डे इवेंट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अलग-अलग हेल्थ संस्थाएं हिस्सा लेंगी और लोगों को जागरूक करेंगी।