ओमान के तट के पास एक टैंकर जहाज पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ है। इस हमले के बाद जहाज पर अचानक आग लग गई। यह घटना 6 जुलाई 2026 को उस समय हुई जब जहाज समुद्र में सफर कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, यह हमला ओमान के लिमाह (Limah) इलाके से करीब 8 समुद्री मील यानी लगभग 15 किलोमीटर पूर्व में हुआ। जब यह हादसा हुआ तब टैंकर दक्षिण दिशा की ओर जा रहा था। प्रोजेक्टाइल जहाज के पोर्ट साइड (बाईं ओर) पर जाकर लगा, जिससे वहां आग भड़क उठी।
ब्रिटिश एजेंसी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने इस घटना की पुष्टि की है। एजेंसी ने अपने बयान में बताया कि इस हमले में किसी भी इंसान को चोट नहीं आई है और न ही पर्यावरण को कोई नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल इस बात का पता नहीं चल पाया है कि यह हमला किसने किया या किस तरह के हथियार का इस्तेमाल हुआ। राहत की बात यह है कि आग पर काबू पा लिया गया और टैंकर अब अपने अगले पोर्ट की तरफ आगे बढ़ रहा है।
