Pakistan News: पाकिस्तान के हंगू में सेना के ऑपरेशन के दौरान कैप्टन की मौत, सुरक्षा बलों ने 7 आतंकियों को मार गिराया

Aanya11 August 20263 min read76 viewsWorld
Pakistan News: पाकिस्तान के हंगू में सेना के ऑपरेशन के दौरान कैप्टन की मौत, सुरक्षा बलों ने 7 आतंकियों को मार गिराया

पड़ोसी देश पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ सुरक्षा बलों को आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए एक अभियान में बड़ी सफलता मिलने का दावा किया गया है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचना के आधार पर एक बड़ा ऑपरेशन चलाया। इस मुठभेड़ में सेना ने कुल सात आतंकवादियों को ढेर कर दिया, लेकिन इस दौरान देश की सेना को बड़ा नुकसान भी उठाना पड़ा और कार्रवाई में एक कैप्टन की जान चली गई।

आईएसपीआर ने दी आधिकारिक जानकारी

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के हवाले से उर्दू टेलीविज़न चैनल दुनिया न्यूज़ ने इस घटना की पूरी जानकारी साझा की है। सेना की ओर से बताया गया कि इलाके में कुछ खतरनाक आतंकवादियों के छिपे होने की पुख्ता खबर मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सेना ने मारे गए इन आतंकवादियों का संबंध फितना अल-ख्वारिज संगठन से बताया है। अधिकारियों के मुताबिक ये सभी आतंकी लंबे समय से इलाके में अशांति फैलाने की फिराक में थे और सुरक्षा एजेंसियों की नजरों में थे।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin

मछ्जिद में छिपे थे आतंकी, भीषण गोलीबारी में कैप्टन शहीद

आईएसपीआर की रिपोर्ट के अनुसार, जब सुरक्षा बलों ने आतंकियों को घेर लिया तो खुद को घिरता देख आतंकवादियों ने पास की एक मछ्जिद में शरण ले ली और वहां से सेना पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई। इस भीषण मुठभेड़ में सात आतंकवादी मारे गए। वहीं, अपनी टुकड़ी का आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहे 27 वर्षीय कैप्टन हमज़ा अकरम आतंकवादियों का मुकाबला करते हुए गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से भारी मात्रा में खतरनाक हथियार और गोला-बारूद भी बरामद करने का दावा किया है।

बलूचिस्तान में भी चला बड़ा तलाशी अभियान

सेना के अधिकारियों का कहना है कि ये मारे गए आतंकवादी सुरक्षा बलों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और आम नागरिकों के खिलाफ कई तरह की हिंसक और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहे थे। हंगू के अलावा भी पाकिस्तान के अन्य इलाकों में आतंकियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी सिलसिले में बलूचिस्तान के कंबिला और आसिमाबाद इलाकों में भी सुरक्षा बलों ने एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बलूचिस्तान में हुई इस अलग कार्रवाई में भी तीन आतंकवादी मारे गए हैं।

आतंकी कमांडर घायल और 12 संदिग्ध गिरफ्तार

सुरक्षा सूत्रों ने यह भी बताया कि इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान एक बड़ा आतंकी कमांडर शौकत मामा समेत कुल चार अन्य आतंकवादी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने इलाके से करीब 12 संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान आतंकवादियों के कई ठिकानों को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया गया है। सेना के अनुसार लगभग 68 वर्ग किलोमीटर के बड़े क्षेत्र को आतंकवादियों के कब्जे से पूरी तरह मुक्त करा लिया गया है। पाकिस्तानी सेना ने स्पष्ट किया है कि देश से आतंकवाद का नामोनिशान मिटाने के लिए यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। 'ऑपरेशन रद-उल-फितना 3' के तहत देश भर में आतंकवादी गतिविधियों और उनके मददगारों के खिलाफ कार्रवाई को और ज्यादा तेज किया जाएगा ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment