पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पश्चिम एशिया संकट के कारण गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ ने सरकारी संसाधनों को बचाने और जनता की सुरक्षा के लिए कई असाधारण उपायों की घोषणा की है। इसके तहत पूरे प्रांत में स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने के साथ-साथ पेट्रोल के इस्तेमाल पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई बाधित होने के बाद सरकार ने यह कड़ा फैसला लिया है।

स्कूलों की छुट्टी और वर्क फ्रॉम होम के नए नियम

पंजाब सरकार के आदेश के अनुसार 10 मार्च से 31 मार्च 2026 तक सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी बंद रहेंगे। हालांकि इस दौरान पहले से निर्धारित परीक्षाएं अपने समय पर ही होंगी और छात्रों को ऑनलाइन क्लास लेने के लिए कहा गया है। इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम नीति लागू की गई है, जिसमें केवल बहुत जरूरी स्टाफ को ही दफ्तर बुलाया जाएगा। निजी कंपनियों को भी सलाह दी गई है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दें ताकि सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम हो सके।

पेट्रोल के दामों में भारी उछाल और नई पाबंदियां

ईंधन संकट को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 55 रुपये प्रति लीटर की रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री ने सरकारी अधिकारियों और मंत्रियों के लिए मिलने वाले मुफ्त पेट्रोल के कोटे में भी भारी कटौती की है।

  • पेट्रोल की नई कीमत: 321.17 PKR प्रति लीटर
  • डीजल की नई कीमत: 335.86 PKR प्रति लीटर
  • अफसरों का फ्यूल कोटा: सरकारी गाड़ियों के लिए मिलने वाले पेट्रोल में 50 प्रतिशत की कमी की गई है
  • मंत्रियों के लिए नियम: मंत्रियों को मिलने वाले सरकारी पेट्रोल की सप्लाई पर फिलहाल पूरी तरह रोक लगा दी गई है
  • सुरक्षा गाड़ियां: मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अब केवल एक सुरक्षा गाड़ी चलने की अनुमति होगी

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और Strait of Hormuz के बंद होने की आशंका के बीच Brent crude की कीमतें 118 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान का तेल आयात बिल 600 मिलियन डॉलर तक बढ़ सकता है। सरकार अब सऊदी अरब और ओमान जैसे देशों के साथ वैकल्पिक रास्तों के जरिए तेल मंगाने पर चर्चा कर रही है। पंजाब इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी बोर्ड को निर्देश दिया गया है कि वह पेट्रोल पंपों पर तेल की जमाखोरी रोकने के लिए डिजिटल निगरानी रखे।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.