फार्नबोरो इंटरनेशनल एयरशो के दौरान Philippine Airlines (PAL) ने अपने बेड़े को आधुनिक बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। एयरलाइन ने 20 Boeing 787-10 ड्रीमलाइनर विमान खरीदने के लिए करार किया है। इस डील की कुल कीमत 3.4 अरब डॉलर तक हो सकती है। एयरलाइन ने शुरुआत में 15 विमानों का पक्का ऑर्डर दिया है और 5 विमानों को खरीदने का अधिकार अपने पास सुरक्षित रखा है।

लंबी दूरी की यात्रा होगी आसान

इन नए विमानों के आने से यात्रियों के सफर में काफी आराम बढ़ेगा। विमानों में बड़ी खिड़कियां, केबिन में बेहतर नमी और शांत वातावरण जैसी सुविधाएं मिलेंगी। ये विमान ईंधन की खपत में भी 25 प्रतिशत तक सुधार लाएंगे। इन विमानों में GE Aerospace के GEnx-1B इंजन लगे होंगे, जो लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बेहतरीन माने जाते हैं। ये विमान एशिया, ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी अमेरिका, यूरोप और मध्य पूर्व जैसे रूटों पर अपनी सेवाएं देंगे।

2031 से शुरू होगी डिलीवरी

एयरलाइन की योजना के अनुसार इन विमानों की डिलीवरी 2031 से शुरू होकर 2034 तक चलेगी। ये नए विमान धीरे-धीरे PAL के पुराने Boeing 777-300ER और Airbus A330-300 विमानों की जगह लेंगे। कंपनी के प्रेसिडेंट Lucio C. Tan III ने बताया कि यह निवेश एयरलाइन के भविष्य और हवाई यात्रा की बढ़ती मांग पर भरोसे को दिखाता है। यह ऐतिहासिक ऑर्डर PAL की 85वीं सालगिरह और Boeing के साथ उनकी 80 साल पुरानी साझेदारी के मौके पर लिया गया है। गौरतलब है कि दिसंबर 2021 में दिवालिया प्रक्रिया से बाहर निकलने के बाद यह कंपनी का एक बड़ा कदम है।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.