केरल के एर्नाकुलम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के बीच भारतीयों को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि आज का भारत अपने लोगों को मुसीबत में नहीं छोड़ता है और सरकार नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी संसद में जानकारी दी है कि खाड़ी क्षेत्र में हालात काफी खराब हुए हैं जिससे वहां रह रहे करीब एक करोड़ भारतीयों की सुरक्षा पर सीधा असर पड़ रहा है। इस गंभीर मामले पर भड़काऊ बयानबाजी और राजनीति करने को लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

फ्लाइट्स और निकासी का ताज़ा अपडेट

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण भारत सरकार ने बचाव कार्य काफी तेज कर दिया है। 28 फरवरी 2026 से अब तक करीब 67,000 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। आंशिक रूप से हवाई क्षेत्र खुलने के बाद 1 से 7 मार्च के बीच 52,000 लोग भारत लौट चुके हैं। इसके अलावा दोहा में फंसे 1,000 से ज्यादा भारतीयों को कतर एयरवेज के जरिए पिछले 72 घंटों में वापस लाया गया है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 11 मार्च के लिए 58 विशेष फ्लाइट्स का शेड्यूल तैयार किया है। सुरक्षा कारणों से उत्तर प्रदेश से इजराइल जाने वाले करीब 300 निर्माण मजदूरों की यात्रा भी 21 मार्च तक रोक दी गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस संघर्ष में मर्चेंट शिपिंग पर हुए हमले के दौरान दो भारतीय नाविकों की जान गई है और एक व्यक्ति लापता है।

UAE में रहने वालों के लिए सख्त चेतावनी

विदेश मंत्रालय ने UAE में रहने वाले भारतीयों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत किसी भी घटना स्थल, प्रतिबंधित इलाके या एयरपोर्ट का वीडियो बनाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है और नियम तोड़ने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हाल ही में दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन गिरने की घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है।

छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में 9 से 11 मार्च के बीच होने वाली CBSE कक्षा 12 की परीक्षाएं टाल दी गई हैं। किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए नई दिल्ली और सभी दूतावासों में 24/7 काम करने वाला स्पेशल कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन शुरू कर दी गई है।

गैस सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बदलाव

सप्लाई की चिंताओं को देखते हुए LPG सिलेंडर रिफिल करने के नए नियम भी सामने आए हैं। सिंगल सिलेंडर वाले ग्राहक अब 21 दिन की जगह 25 दिन के बाद ही अपनी रिफिल बुक कर सकेंगे। वहीं, डबल सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को अब रिफिल के लिए कम से कम 30 दिन का इंतजार करना होगा।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.