कतर एयरवेज ने अपनी नियमित उड़ानों को फिलहाल के लिए रोक दिया है। यह फैसला कतर के एयरस्पेस बंद होने के कारण लिया गया है। कतर सिविल एविएशन अथॉरिटी (QCAA) जब तक पूरी तरह से एयरस्पेस को सुरक्षित घोषित नहीं करती, तब तक सामान्य उड़ानें शुरू नहीं होंगी। हालांकि, लोगों की परेशानी को देखते हुए 9 मार्च से 11 मार्च 2026 के बीच कुछ खास रास्तों पर लिमिटेड फ्लाइट्स चलाई जा रही हैं।

एयरपोर्ट जाने से पहले जान लें ये नियम

हमद इंटरनेशनल एयरपोर्ट (HIA) पर केवल उन्हीं यात्रियों को जाने की अनुमति है जिनके पास इन लिमिटेड फ्लाइट्स का कंफर्म टिकट है। कतर एयरवेज ने साफ कहा है कि लोग सिर्फ फ्लाइट की जानकारी लेने या टिकट खरीदने के लिए एयरपोर्ट न जाएं, ताकि वहां भीड़ और सुरक्षा का खतरा न बढ़े।

इसके अलावा, उन लोगों को फ्लाइट में प्राथमिकता दी जा रही है जिनका आखिरी डेस्टिनेशन दोहा है। अभी ट्रांजिट कनेक्शन पर कड़ी पाबंदी लगी हुई है। एयरलाइन ने यह भी साफ किया है कि यह राहत उड़ानें हैं और इन्हें नियमित कमर्शियल फ्लाइट्स की शुरुआत न माना जाए।

टिकट रिफंड और डेट चेंज के नियम

जिन लोगों ने 28 फरवरी से 22 मार्च 2026 के बीच का टिकट लिया था, उनके लिए एयरलाइन ने खास सुविधा दी है। यात्री अपनी यात्रा की तारीख में एक बार बदलाव कर सकते हैं, जो ओरिजिनल डेट के 14 दिन के अंदर होना चाहिए।

अगर कोई यात्री अब सफर नहीं करना चाहता है, तो उसे टिकट का पूरा रिफंड मिलेगा। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कॉल सेंटर के बजाय वेबसाइट या ऐप का इस्तेमाल करें क्योंकि अभी कॉल सेंटर पर काफी लोड है। फोन पर सिर्फ उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है जिनकी यात्रा 48 घंटे के अंदर है।

10 और 11 मार्च को चलने वाली फ्लाइट्स

फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए कतर एयरवेज भारत समेत कुछ खास देशों के लिए लिमिटेड फ्लाइट्स चला रही है। इन फ्लाइट्स का पूरा शेड्यूल नीचे दिया गया है।

तारीख शहर जहां के लिए फ्लाइट उड़ेगी
10 मार्च 2026 मुंबई, नई दिल्ली, कोच्चि, काहिरा, लंदन, जेद्दाह, मनीला, मस्कट, इस्तांबुल, नैरोबी, इस्लामाबाद, मैड्रिड, फ्रैंकफर्ट, कोलंबो, मिलान, मास्को
11 मार्च 2026 टोरंटो, डलास, लंदन, पेरिस, रोम, हांगकांग, सियोल, बैंकॉक, कुआलालंपुर, मेलबर्न
Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.