Qatar Missile Attack: कतर पर दागी गईं 17 मिसाइलें और 6 ड्रोन, सरकार ने सभी को हवा में किया नष्ट, प्रवासियों के लिए जारी हुआ नया नियम
कतर में सोमवार 9 मार्च 2026 को ईरान की तरफ से 17 बैलिस्टिक मिसाइलें और 6 ड्रोन दागे गए. कतर के रक्षा मंत्रालय और गवर्नमेंट कम्युनिकेशंस ऑफिस (GCO) ने इस बात की पुष्टि की है कि सभी मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया और देश में किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है. सऊदी न्यूज़ (@SaudiNews50) के अनुसार इस हमले के बाद कतर में रहने वाले नागरिकों और प्रवासियों की सुरक्षा के लिए कई नए नियम लागू किए गए हैं. इसका सीधा असर कतर में काम करने वाले भारतीयों और उनके बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है.
फ्लाइट्स और ड्यूटी को लेकर क्या है नया अपडेट?
कतर सिविल एविएशन अथॉरिटी और हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट (HIA) ने कतर के एयरस्पेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. अब केवल कुछ सीमित फ्लाइट्स ही सुरक्षित रास्तों (सेफ कॉरिडोर) से उड़ान भर रही हैं. ऐसे में जो भारतीय छुट्टी पर जाने वाले थे या भारत से कतर आने वाले थे, उन्हें अपनी एयरलाइंस से संपर्क करना होगा. सरकारी दफ्तरों में काम करने वालों के लिए अब नया नियम लागू हुआ है जिसमें केवल 30 प्रतिशत कर्मचारी ही ऑफिस जा रहे हैं और 70 प्रतिशत लोगों को वर्क फ्रॉम होम दे दिया गया है.
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को भी ऑनलाइन कर दिया गया है और बच्चे अब घर से ही पढ़ाई कर रहे हैं. इसके अलावा कुछ यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी गई हैं. सरकार ने प्रवासियों को अलर्ट के दौरान घर के अंदर रहने और खिड़कियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है.
अफवाह फैलाने वालों पर सरकार की सख्त कार्रवाई
हमले के दौरान दोहा में मिसाइल नष्ट होने की आवाज़ें सुनी गईं जिसके बाद 3 बजकर 18 मिनट पर नेशनल अलर्ट सिस्टम ने हाई अलर्ट जारी किया था. इस दौरान कई लोगों ने बिना अनुमति के वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाई. पुलिस ने ऐसे 313 लोगों को गिरफ्तार किया है जो लोगों में डर पैदा करने की कोशिश कर रहे थे.
कतर सरकार ने सभी निवासियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक खबरों पर ही भरोसा करें. दोहा एयरपोर्ट और शेरेटन होटल को नुकसान पहुंचने की सारी खबरें पूरी तरह से गलत बताई गई हैं. रक्षा मंत्रालय ने साफ किया है कि कतर की सेना किसी भी बाहरी खतरे का मजबूती से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.





