रविवार की देर रात तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2455 को रडार में गड़बड़ी आने के कारण चेन्नई हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस विमान में केरल के चार सांसद कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कोडिकुन्निल सुरेश और के. राधाकृष्णन  के अलावा तमिलनाडु के सांसद रॉबर्ट ब्रूस भी सवार थे।

वेणुगोपाल ने उतरने के बाद कहा कि यह एक बड़े हादसे से बाल-बाल बचने जैसा था। पायलटों ने उड़ान के दौरान रडार में खराबी देखी, जिसके कारण विमान को चेन्नई की ओर मोड़ा गया। वे करीब एक घंटा दस मिनट हवा में रहे। उन्होंने इसकी जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दी है।

यात्रियों के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान एक और डरावना पल तब आया जब रनवे पर पहले से एक और विमान मौजूद था। अडूर प्रकाश ने बताया कि विमान रनवे को छूने ही वाला था कि पायलटों ने अचानक विमान को ऊपर खींच लिया और लगभग आधे घंटे तक चक्कर लगाने के बाद सुरक्षित लैंडिंग की। क्रू ने पूरे समय शांत रहकर पेशेवर तरीके से स्थिति संभाली।

सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट और रनवे पर दूसरी उड़ानों की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। माना जा रहा है कि पहले तो रडार खराबी के कारण विमान को मोड़ा गया, लेकिन पहली लैंडिंग कोशिश के दौरान रनवे पर दूसरे विमान की मौजूदगी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। DGCA इस मामले की जांच करेगा।