सहारनपुर जिले के मिर्जापुर इलाके में पुलिस ने गोकशी के एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एसएसपी सहारनपुर के निर्देश पर जिले में अपराध रोकने और वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
मुठभेड़ में क्या बरामद हुआ
मिर्जापुर पुलिस की टीम जब बूढ़ी यमुना नदी के पास रूटीन चेकिंग कर रही थी, तभी दो लोग बाइक पर आते हुए दिखे। पुलिस को शक होने पर उन्हें रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और झाड़ियों की तरफ भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक चोरी की स्प्लेंडर बाइक और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और दूसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।
