सऊदी अरब के अधिकारियों ने देश भर में सुरक्षा और नियमों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। 23 जुलाई से 29 जुलाई के बीच चलाए गए संयुक्त निरीक्षण अभियानों में कुल 14,154 लोगों को पकड़ा गया है। इन लोगों पर रेजिडेंसी, लेबर और बॉर्डर सुरक्षा कानून के उल्लंघन का आरोप है। गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई देश की सुरक्षा को बनाए रखने के लिए की गई है।
कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई
पकड़े गए लोगों में से 7,103 लोग रेजिडेंसी कानून, 3,654 लोग बॉर्डर सुरक्षा कानून और 3,397 लोग लेबर कानून का उल्लंघन करते हुए पाए गए। इसके अलावा, अवैध रूप से सऊदी में घुसने की कोशिश कर रहे 1,418 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसमें 54 प्रतिशत यमनी और 45 प्रतिशत इथियोपियाई नागरिक शामिल हैं। साथ ही, देश से बाहर अवैध रूप से जाने की कोशिश कर रहे 23 लोगों को भी पकड़ा गया है।
नियमों में मदद करने वालों को सख्त सजा
सऊदी सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रवासियों को पनाह देने, नौकरी पर रखने या किसी भी तरह से नियमों का उल्लंघन करने में मदद करना बड़ा अपराध है। ऐसे में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिन्होंने उल्लंघन करने वालों को परिवहन या रहने की सुविधा दी थी। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि ऐसा करने पर 15 साल तक की जेल, 10 लाख रियाल तक का जुर्माना और संपत्ति जब्त हो सकती है। फिलहाल 30,679 उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया चल रही है, जिनमें से 12,613 लोगों को डिपोर्ट किया जा चुका है।
