सऊदी अरब के सेंट्रल बैंक (SAMA) ने ईद अल-फितर के लिए बैंकों और वित्तीय संस्थानों की छुट्टियों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. सोमवार, 16 मार्च 2026 बैंकों में काम करने का आखिरी दिन है. इसके बाद 17 मार्च से लेकर 23 मार्च तक सभी बैंक बंद रहेंगे और सामान्य कामकाज 24 मार्च 2026 से दोबारा शुरू होगा. यह छुट्टी रमजान का महीना खत्म होने और ईद के मौके पर दी गई है.

किन सेवाओं पर पड़ेगा असर और क्या रहेगा चालू

छुट्टियों के दौरान आम लोगों और प्रवासियों को पैसे निकालने या ट्रांसफर करने में ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. सभी इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग सेवाएं, एटीएम और पॉइंट-ऑफ-सेल (POS) सिस्टम सातों दिन 24 घंटे काम करते रहेंगे. हालांकि, राष्ट्रीय इंस्टेंट पेमेंट सिस्टम (Sarie) के तहत 19 मार्च से 22 मार्च 2026 के बीच इंटरबैंक ट्रांसफर का काम रुका रहेगा. छुट्टियों से पहले रमजान के दौरान बैंक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और पैसे भेजने वाले सेंटर (Remittance Centers) सुबह 9:30 से शाम 5:30 के बीच काम कर रहे हैं.

मक्का, मदीना और एयरपोर्ट पर खुले रहेंगे बैंक

SAMA के निर्देश के अनुसार कुछ खास जगहों पर छुट्टियों के दौरान भी बैंक खुले रहेंगे. मक्का और मदीना में उमराह करने वालों की सुविधा के लिए कई ब्रांच और एक्सचेंज सेंटर अपना काम जारी रखेंगे. इसके अलावा एयरपोर्ट, बंदरगाहों और बॉर्डर पर मौजूद बैंक शाखाएं भी यात्रियों के लिए खुली रहेंगी. जिन इलाकों में लोगों की आबादी ज्यादा है वहां भी कुछ ब्रांच और रेमिटेंस सेंटर चालू रखने का आदेश दिया गया है ताकि प्रवासियों को अपने घर पैसे भेजने में दिक्कत न हो.

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.