सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने हाल ही में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। 16 जुलाई से 22 जुलाई 2026 के बीच चलाए गए संयुक्त अभियान में करीब 15,000 उल्लंघनकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। इनमें से 13,000 से अधिक लोगों को देश से बाहर भेज दिया गया है। पकड़े गए लोगों में रेजिडेंसी नियमों का उल्लंघन करने वाले 7,437, बॉर्डर सुरक्षा कानून तोड़ने वाले 3,991 और श्रम कानून तोड़ने वाले 3,542 लोग शामिल हैं।
📰: Yemen में फिर बढ़ी तनातनी, सऊदी गठबंधन ने हूती ठिकानों पर की एयरस्ट्राइक।
प्रवासी नियमों के प्रति सख्ती
मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार अभी 30,500 अवैध विदेशियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया चल रही है, जिनमें 1,989 महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकारियों ने करीब 17,700 लोगों को उनके दूतावासों में भेजा है ताकि वे यात्रा दस्तावेज बनवा सकें। इसके अलावा 1,626 लोग अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश करते हुए पकड़े गए, जिनमें से अधिकतर यमन और इथियोपिया के नागरिक थे। वहीं, 33 लोग अवैध तरीके से देश से बाहर निकलने की कोशिश करते हुए दबोचे गए।
सख्त नियम और कड़ी सजा
अवैध प्रवासियों को शरण देने, ट्रांसपोर्ट करने या किसी भी तरह की मदद करने वालों पर भी सरकार ने शिकंजा कसा है। ऐसे 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो इन उल्लंघनकर्ताओं की मदद कर रहे थे। सरकार ने साफ कर दिया है कि ऐसा करने वालों को 15 साल तक की जेल, 10 लाख सऊदी रियाल तक का जुर्माना और संपत्ति जब्त करने जैसी कड़ी सजा दी जाएगी। सऊदी प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी नियम उल्लंघन की जानकारी सीधे उनके हॉटलाइन नंबर पर दें।
