सऊदी अरब में 11 मार्च को सऊदी फ्लैग डे (Saudi Flag Day) मनाया जा रहा है। साल 1937 में इसी दिन किंग अब्दुलअज़ीज़ बिन अब्दुलरहमान अल सऊद ने सऊदी झंडे के मौजूदा डिजाइन को मंजूरी दी थी। साल 2023 में किंग सलमान ने एक आदेश जारी कर 11 मार्च को फ्लैग डे मनाने का ऐलान किया था और इस साल इसका चौथा साल है। इस बार फ्लैग डे रमजान के महीने में पड़ रहा है, इसलिए सरकारी इमारतों को इफ्तार के बाद हरे रंग की लाइटों से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही रियाद के Roshn Front और Park Avenue Mall में रात 8 बजे से 1 बजे तक खास सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए हैं।

👉: UAE के साथ खड़ा हुआ Ireland, ईरान के हमलों को बताया अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन

झंडे के लिए सऊदी अरब में लागू हैं सख्त नियम

सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय झंडे के सम्मान के लिए कई कड़े नियम बनाए हैं। जो लोग सऊदी में काम करते हैं या वहां रहते हैं, उनके लिए इन नियमों को जानना बहुत जरूरी है:

  • हाफ मास्ट (Half-Mast): सऊदी अरब के झंडे को शोक के समय भी कभी आधा नहीं झुकाया जाता है। इसके पीछे की वजह झंडे पर लिखा कलमा (शहादा) है।
  • कमर्शियल इस्तेमाल पर रोक: झंडे का इस्तेमाल किसी भी कंपनी के ट्रेडमार्क, विज्ञापन या पैकिंग के लिए करना पूरी तरह से मना है।
  • जमीन पर न रखना: झंडे को कभी भी जमीन या पानी पर नहीं रखा जा सकता और न ही जानवरों के ऊपर रखा जा सकता है।
  • खराब झंडे का निपटारा: अगर कोई झंडा फट गया है या उसका रंग उड़ गया है, तो उसे फहराना मना है। जिम्मेदार संस्था को इसे नष्ट करना होता है।
  • कोई बदलाव नहीं: झंडे पर कोई भी अलग से नारा, शब्द या चित्र नहीं छापा जा सकता है।

क्या फ्लैग डे पर छुट्टी होती है?

कई लोगों और प्रवासियों के मन में यह सवाल होता है कि क्या सऊदी नेशनल डे की तरह फ्लैग डे पर भी छुट्टी मिलती है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 11 मार्च (फ्लैग डे) को सरकारी छुट्टी नहीं होती है। इस दिन सभी सरकारी और प्राइवेट ऑफिसों में काम सामान्य रूप से चलता है। देश भर में जश्न और खास ऑफर जरूर मिलते हैं। इस साल कई बड़े ब्रांड जैसे Noon खास बैंक कार्ड पर 20% तक का डिस्काउंट दे रहे हैं।

सऊदी झंडे के रंगों और आकार की जानकारी

सऊदी झंडे का आकार और इसके रंग का एक खास महत्व है। साल 1973 में किंग फैसल के समय में इसका एक स्टैंडर्ड साइज तय किया गया था, जिसकी चौड़ाई उसकी लंबाई की दो-तिहाई होती है (आधिकारिक साइज 150 cm x 100 cm है)।

  • हरा रंग: यह रंग देश के विकास, समृद्धि और इस्लामिक संस्कृति की पहचान है।
  • सफेद रंग (शहादा): झंडे के बीच में लिखा सफेद रंग का कलमा शांति के संदेश को पेश करता है।
  • तलवार: तलवार का निशान देश की ताकत, न्याय और सुरक्षा की निशानी है।
Aanya

Aanya is Ex IndiaTV Journalist. She covers Expats oriented news, views and interviews With deep understanding of what Hindi Speaking people needs as updates in daily life to avoid fines, comply rules and stay updated.