सऊदी अरब ने मक्का में वास्तुकला का एक बेहतरीन नमूना पेश किया है जिसे अब दुनिया के सबसे ऊंचे हैंगिंग प्रेयर रूम के तौर पर जाना जा रहा है। एड्रेस जबल उमर मक्का होटल में स्थित इस प्रेयर रूम को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह मिली है। यह स्काई मुसल्लाह दो टावरों के बीच बने पुल पर स्थित है जहां से पवित्र काबा और मक्का शहर का पूरा नजारा साफ दिखाई देता है।

कितनी ऊंचाई पर बना है यह नमाज कक्ष?

यह प्रेयर रूम समुद्र तल से 483 मीटर की ऊंचाई पर बना है जो इसे दुनिया का सबसे ऊंचा हैंगिंग प्रेयर रूम बनाता है। यह होटल की 36वीं, 37वीं और 38वीं मंजिल को जोड़ने वाले स्काईब्रिज पर स्थित है। जमीन से इसकी ऊंचाई लगभग 165 मीटर है। इस पुल का वजन 650 टन है और इसे अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके बहुत ही सावधानी से ऊपर स्थापित किया गया है।

एक साथ कितने लोग कर सकते हैं इबादत?

करीब 550 वर्ग मीटर में फैले इस प्रेयर हॉल में एक साथ 520 नमाजी इबादत कर सकते हैं। इसके इंटीरियर में पारंपरिक अरबी डिजाइन और आधुनिक लक्जरी का मेल है। दीवारों पर अरबी सुलेख में अल्लाह के नाम लिखे गए हैं जो इस जगह की पवित्रता को बढ़ाते हैं। यहां आने वाले लोग फजर के समय मक्का पर सूर्योदय का अद्भुत नजारा देख सकते हैं, जिससे इबादत का अनुभव और भी खास हो जाता है।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.