Hajj 2026 New Rules: हज यात्रा के लिए सऊदी अरब ने लागू किया नया इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, अब बिना स्मार्ट कार्ड नहीं मिलेगी एंट्री

सऊदी अरब सरकार ने हज 2026 के लिए नए इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की शुरुआत की है। इस बार यात्रियों की भीड़ को संभालने और कैंपों में आने-जाने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका मकसद हज यात्रा को आसान बनाना और भीड़भाड़ को कम करना है ताकि लोग शांति से अपनी इबादत कर सकें।

क्या है नया डिजिटल स्मार्ट कार्ड और इसके नियम?

अब सभी हज यात्रियों के लिए Nusuk डिजिटल स्मार्ट कार्ड रखना जरूरी होगा। इसी कार्ड के जरिए मीना, अराफात और मुज़दलिफ़ा जैसी पवित्र जगहों पर एंट्री मिलेगी। इस कार्ड में यात्री की निजी जानकारी, मेडिकल रिकॉर्ड और रहने की जगह की डिटेल होगी। इसका इस्तेमाल बसों में चढ़ने और ग्रुप ट्रांसफर के लिए भी किया जाएगा।

मक्का में एंट्री और वीज़ा के सख्त नियम

हज के दौरान मक्का में सिर्फ वही लोग जा सकेंगे जिनके पास आधिकारिक हज परमिट होगा। जिन लोगों के पास सिर्फ विजिट वीज़ा है, उन्हें हज करने की अनुमति नहीं होगी। सऊदी सरकार ने साफ किया है कि बिना वैध वीज़ा के यात्रा करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और उन्हें डिपोर्ट कर दिया जाएगा।

एआई और अन्य आधुनिक सुविधाएं

हज 2026 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया जाएगा, जो 60 भाषाओं में सेवाएं देगा। हज और उमराह मंत्री तौफीक अल-रबिया के मुताबिक इससे भीड़ पर नजर रखना आसान होगा। साथ ही, Saudia एयरलाइंस ने एक मिलियन से ज्यादा सीटें उपलब्ध कराई हैं और ‘मक्का रूट’ के जरिए इमिग्रेशन प्रक्रिया को पहले ही पूरा करने की सुविधा दी गई है।