सऊदी अरब ने हज 2026 के लिए नियमों को बहुत सख्त कर दिया है। अब मक्का और पवित्र स्थलों पर सिर्फ वही लोग जा सकेंगे जिनके पास आधिकारिक हज परमिट होगा। विजिट वीज़ा धारकों के लिए हज करना पूरी तरह मना है और ऐसा करने वालों पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। यह नियम प्रवासियों और विदेश से आने वाले यात्रियों पर सीधा असर डालेगा।

बिना परमिट हज करने पर कितना लगेगा जुर्माना?

सऊदी इंटीरियर मिनिस्ट्री ने साफ किया है कि अगर कोई व्यक्ति बिना परमिट के हज करने की कोशिश करेगा तो उसे 20,000 सऊदी रियाल तक का जुर्माना भरना होगा। वहीं, अगर कोई रेजिडेंट या ओवरस्टे करने वाला व्यक्ति बिना परमिट के हज करता पाया गया, तो उसे देश से डिपोर्ट कर दिया जाएगा और 10 साल तक सऊदी अरब में आने की मनाही होगी।

उन लोगों पर भी गाज गिरेगी जो अवैध रूप से हज कराने में मदद करेंगे। अगर कोई व्यक्ति विजिट वीज़ा पर लोगों को हज कराने के लिए ट्रांसपोर्ट या रहने की जगह मुहैया कराता है, तो उस पर 1 लाख सऊदी रियाल तक का जुर्माना लग सकता है।

हज 2026 की तारीखें और नुसुक प्लेटफॉर्म के नियम

हज 2026 मुख्य रूप से 25 मई से 30 मई के बीच होगा, जिसमें 26 मई को अराफात का दिन होगा। प्रशासन ने 18 अप्रैल से 31 मई 2026 तक मक्का में प्रवेश के लिए सख्त पाबंदियां लगाई हैं। इस दौरान सिर्फ परमिट धारकों को ही एंट्री मिलेगी।

नुसुक (Nusuk) प्लेटफॉर्म के जरिए उमराह परमिट जारी करने का काम भी 18 अप्रैल से 31 मई तक के लिए रोक दिया गया है। जिन लोगों के पास उमराह वीज़ा था, उन्हें 18 अप्रैल 2026 तक सऊदी अरब छोड़ना था, इसके बाद रुकने वालों को नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए खास नियम और स्वास्थ्य शर्तें

भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए सरकार ने एक नया 20 दिन का शॉर्ट हज पैकेज शुरू किया है। हालांकि, कुवैत में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए सऊदी ट्रांजिट वीज़ा की सुविधा 15 अप्रैल 2026 से बंद कर दी गई है। अब सभी बुकिंग नुसुक ऐप के जरिए ही करनी होगी।

स्वास्थ्य नियमों के तहत सभी यात्रियों को क्वाडरपल मेनिन्जाइटिस (ACYW) वैक्सीन लगवाना जरूरी है। इसका सर्टिफिकेट हज क्षेत्र में पहुंचने से कम से कम 10 दिन पहले देना होगा। एयरलाइंस को निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी यात्री का नुसुक रेफरेंस वीज़ा से मैच नहीं करता या वैक्सीन सर्टिफिकेट नहीं है, तो उन्हें फ्लाइट में न बैठाएं।

Sushma Kumari

Shushma covers Stories Around Expats and Helpful Contents Related to Daily life of Public. She completed Mass Communication Degree From Makhan lal Chaturvedi College Bhopal and Has 3 years of Field Experience. Earlier She Worked with Jagran Media Patna Office and Now Working with GulfHindi.com