सऊदी अरब में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। आज देश के 6 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। अल-अहसा और यनबू जैसे शहरों में तो पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे आम लोगों और हाजियों को काफी परेशानी हो रही है।
आज के तापमान के आंकड़ों के मुताबिक, अल-अहसा और यनबू में सबसे ज़्यादा 47 डिग्री गर्मी दर्ज की गई। वहीं दममाम, मक्का, अल-कैसुमा और वादी अल-दवासिर में पारा 45 डिग्री रहा। राजधानी रियाद और बुरैदा में तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया है।
National Center for Meteorology (NCM) ने जून, जुलाई और अगस्त के लिए मौसम का अनुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, पूरे सऊदी अरब के सभी इलाकों में औसत तापमान सामान्य से ज़्यादा रहेगा। जून के महीने में तापमान में 1.5 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
हज की शुरुआत के समय मक्का और मदीना में तापमान 44 से 47 डिग्री तक जा सकता है। NCM के चीफ अयमान गुलाम ने हाजियों को पर्याप्त पानी पीने और ठंडा भोजन साथ रखने की सलाह दी है। प्रशासन ने धूप से बचने के लिए छाते का इस्तेमाल करने और हाइड्रेटेड रहने को कहा है।
गर्मी के साथ-साथ सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में मौसम अलग है। वहां गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जो इस हफ्ते के अंत तक जारी रह सकती है।