सऊदी अरब में पिछले एक हफ्ते में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के खिलाफ बहुत बड़ी कार्रवाई हुई है। अधिकारियों ने 15,430 लोगों को पकड़ा है और इनमें से 11,800 लोगों को वापस उनके देश भेज दिया गया है। यह अभियान 2 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक पूरे देश में चलाया गया, ताकि इमिग्रेशन नियमों को सख्ती से लागू किया जा सके।

पकड़े गए लोगों का ब्योरा इस प्रकार है कि 7,913 लोगों ने रेजिडेंसी (इक़ामा) नियमों का उल्लंघन किया था, 4,037 लोग बॉर्डर सुरक्षा नियमों को तोड़ने वाले थे और 3,480 लेबर कानून का उल्लंघन करने वाले पाए गए।

सुरक्षा बलों ने 1,542 ऐसे लोगों को भी रोका जो अवैध तरीके से सऊदी अरब में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इनमें 46% यमनी और 53% इथियोपियाई नागरिक थे। वहीं 30 लोगों को अवैध तरीके से देश छोड़कर जाते समय पकड़ा गया। उन 27 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है जिन्होंने इन नियमों को तोड़ने वालों को पनाह दी, उन्हें नौकरी पर रखा या किसी भी तरह की मदद की।

इस समय कुल 29,286 अवैध प्रवासियों के कानूनी कागजात की प्रक्रिया चल रही है, जिनमें 27,127 पुरुष और 2,159 महिलाएं शामिल हैं। इसी हफ्ते 17,353 लोगों को ट्रैवल डॉक्यूमेंट के लिए उनके दूतावास भेजा गया और 5,438 लोगों को यात्रा की तैयारी पूरी करने के लिए भेजा गया।

Ministry of Interior ने सख्त चेतावनी दी है कि जो कोई भी अवैध प्रवासियों को देश में लाने, उन्हें पनाह देने या उनकी मदद करने में शामिल होगा, उसे कड़ी सजा मिलेगी। नियमों के मुताबिक इसमें 15 साल तक की जेल और 10 लाख सऊदी रियाल तक का जुर्माना हो सकता है। साथ ही, जिस गाड़ी या घर का इस्तेमाल मदद के लिए किया गया, उसे जब्त कर लिया जाएगा और दोषी का नाम सार्वजनिक किया जाएगा।

मंत्रालय ने आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी उल्लंघन की जानकारी तुरंत दें। इसके लिए मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत में 911 नंबर पर और सऊदी अरब के बाकी इलाकों में 999 या 996 नंबर पर फोन कर सकते हैं।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.