सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने तीर्थयात्रियों के लिए एक नई मल्टीपल-एंट्री उमराह वीज़ा सुविधा शुरू की है। यह नया वीज़ा एक साल की अवधि के लिए मान्य होगा, जिससे श्रद्धालु साल भर में कई बार सऊदी अरब की यात्रा कर सकेंगे। इस दौरान कुल मिलाकर 90 दिनों तक रहने की अनुमति दी गई है। यह पहल सऊदी विजन 2030 और पिलग्रिम एक्सपीरियंस प्रोग्राम के तहत तीर्थयात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए लाई गई है।
वीज़ा और नियम से जुड़ी अहम जानकारी
इस वीज़ा का उपयोग करने के लिए यात्रियों को हर बार यात्रा से पहले Nusuk प्लेटफॉर्म पर लिस्टेड अधिकृत प्रोवाइडर से सर्विस पैकेज खरीदना होगा। इसके अलावा, हर बार सऊदी में प्रवेश से पहले Nusuk एप्लिकेशन के जरिए उमराह परमिट लेना अनिवार्य है। यह वीज़ा सऊदी अरब से बाहर निकलते ही डीएक्टिवेट हो जाता है और अगली यात्रा के लिए नियमों को पूरा करने पर दोबारा एक्टिवेट हो जाएगा।
ध्यान देने वाली बात यह है कि इस मल्टीपल-एंट्री वीज़ा का उपयोग हज सीजन के दौरान नहीं किया जा सकेगा। यह प्रतिबंध धुल कादा की पहली तारीख से लेकर धुल हिज्जा की 13वीं तारीख तक लागू रहता है। यूएई में मौजूद ट्रैवल एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस नई सुविधा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है और वे पहले से ही ग्राहकों के लिए ये वीज़ा जारी कर रहे हैं। यात्री अपनी फ्लाइट और होटल खुद बुक कर सकते हैं, लेकिन हर यात्रा के लिए सभी डॉक्यूमेंट्स को Nusuk के जरिए लिंक करना जरूरी है।
