सऊदी अरब के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय (HRSD) ने निजी क्षेत्र में नौकरियों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है. मंत्रालय ने प्रशासनिक सहायता यानी एडमिनिस्ट्रेटिव सपोर्ट से जुड़ी 69 नई नौकरियों का पूरी तरह से साउदीकरण (Saudization) करने का ऐलान किया है. इसका मतलब यह है कि अब इन पदों पर 100 प्रतिशत सऊदी नागरिकों को ही काम पर रखा जाएगा. यह नया नियम 5 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गया है, जिससे प्रवासियों के लिए इन पदों पर काम करना अब मुमकिन नहीं होगा.

👉: ईरान के हमलों पर ICAO सख्त, सऊदी, UAE और कतर की हवाई सुरक्षा को बताया खतरे में, तुरंत रुकने का आदेश.

किन नौकरियों पर लागू होगा यह नया नियम और क्या है संकल्प संख्या?

मंत्रालय ने बताया है कि यह नियम उन सभी निजी कंपनियों पर लागू होगा जहां इन 69 श्रेणियों में काम होता है. इसमें मुख्य रूप से सेक्रेटरी, राइटिंग, ट्रांसलेशन, डेटा एंट्री और जनरल एडमिनिस्ट्रेटिव सपोर्ट जैसे पदों को शामिल किया गया है. मंत्रालय के संकल्प संख्या 132249 के तहत इन पदों पर अब केवल सऊदी पुरुष और महिलाएं ही काम कर सकेंगे. सरकार का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को ज्यादा से ज्यादा नौकरी के अवसर देना और बेरोजगारी दर को कम करना है.

निजी कंपनियों और प्रवासियों के लिए क्या जानकारी जरूरी है?

सऊदी सरकार ने इस बदलाव के साथ ही कुछ नई व्यवस्थाएं भी लागू की हैं ताकि कंपनियां नियमों का ठीक से पालन कर सकें. इसकी मुख्य बातें नीचे दी गई हैं:

  • प्राइवेट कंपनियों को इन नए नियमों का पालन तुरंत करना होगा, ऐसा न करने पर उन पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है.
  • कंपनियों को साउदीकरण के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए ‘हादफ’ (Hadaf) फंड से मदद और इंसेंटिव भी दिए जाएंगे.
  • 15 अप्रैल 2026 से ‘किवा’ (Qiwa) प्लेटफॉर्म के जरिए इलेक्ट्रॉनिक कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर साउदीकरण की गणना करने का नया सिस्टम शुरू होगा.
  • भारत और अन्य देशों से आने वाले प्रवासियों के लिए इन 69 खास पदों पर नौकरी के रास्ते बंद हो गए हैं, क्योंकि ये सीटें अब पूरी तरह सऊदी नागरिकों के लिए आरक्षित हैं.

मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर एक गाइड भी जारी की है जिसमें इन सभी 69 पेशों की पूरी लिस्ट और काम करने के तरीके के बारे में विस्तार से बताया गया है. सरकार चाहती है कि निजी क्षेत्र में सऊदी नागरिकों की भागीदारी बढ़े और उन्हें एक बेहतर कार्य वातावरण मिल सके.

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.