सऊदी अरब की सरकार अब दफ्तरों में पहनावे को लेकर सख्त नियम लागू करने की तैयारी में है। मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय (HRSD) ने एक नया ड्राफ्ट तैयार किया है, जिसमें कर्मचारियों के लिए खास ड्रेस कोड तय किया गया है। इस नए नियम का असर सऊदी नागरिकों के साथ-साथ वहां काम करने वाले प्रवासियों पर भी पड़ेगा।
सऊदी पुरुषों के लिए नेशनल ड्रेस जरूरी
नए प्रस्ताव के मुताबिक, सऊदी पुरुष कर्मचारियों को ऑफिस के काम, सरकारी फंक्शन और मीडिया में आते समय आधिकारिक राष्ट्रीय पोशाक पहननी होगी। इसमें थौब (thobe) के साथ घुटरा (ghutra) या शमाग (shemagh) पहनना अनिवार्य होगा।
गैर-सऊदी और महिला कर्मचारियों के लिए नियम
यह नियम केवल सऊदी नागरिकों के लिए नहीं है। गैर-सऊदी पुरुष कर्मचारियों के लिए औपचारिक बिजनेस सूट (formal business suit) पहनना जरूरी होगा। वहीं, सभी महिला कर्मचारियों, चाहे वे सऊदी हों या विदेशी, के लिए शालीन और शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनना अनिवार्य होगा। कपड़े टाइट या पारदर्शी नहीं होने चाहिए।
नियमों का पालन न करने पर होगी कार्रवाई
मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय (HRSD) का कहना है कि इस कदम से वर्कप्लेस पर राष्ट्रीय पहचान मजबूत होगी। कंपनियों को मंत्रालय की गाइडलाइन्स के हिसाब से अपने ड्रेस कोड बनाने होंगे। अगर कोई कर्मचारी इन नियमों का पालन नहीं करता है, तो लेबर लॉ के तहत उन पर जुर्माना या अन्य पेनल्टी लगाई जा सकती है।
बता दें कि सऊदी सिविल गवर्नमेंट कर्मचारियों के लिए अप्रैल 2024 से ही पारंपरिक पोशाक पहनना अनिवार्य कर दिया गया था, जिसमें केवल डॉक्टर और इंजीनियर जैसे प्रोफेशनल्स को उनकी यूनिफॉर्म की वजह से छूट दी गई थी।