Saudi Arabia New Law: सऊदी अरब का नया फरमान, डिलीवरी ड्राइवरों के लिए कड़े नियम लागू, नौकरी से पहले पास करना होगा टेस्ट.

सऊदी अरब में सामान पहुंचाने का काम करने वाले डिलीवरी ड्राइवरों और कंपनियों के लिए एक बड़ा और नया नियम लागू कर दिया गया है। सऊदी अरब की ट्रांसपोर्ट जनरल अथॉरिटी (TGA) ने कमर्शियल मोटरसाइकिल डिलीवरी के नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए इसे एक आधिकारिक ढांचे में बदल दिया है। 7 अगस्त और 8 अगस्त 2026 को नए कार्यकारी नियमों का ऐलान किया गया है, जिसका सीधा असर वहां काम करने वाले डिलीवरी बॉय और प्रवासियों पर पड़ेगा। इस नए बदलाव का मुख्य मकसद डिलीवरी के काम को सुरक्षित बनाना, ग्राहकों की सुरक्षा करना और सऊदी विजन 2030 के तहत देश में काम करने के तरीकों को बेहतर करना है।
ड्राइवरों के लिए बनाए गए 6 कड़े नियम
नए नियमों के मुताबिक अब सऊदी में बाइक से सामान डिलीवर करने वाले ड्राइवरों को छह जरूरी शर्तों को पूरा करना होगा। सबसे पहले ड्राइवर के पास वैध प्रोफेशनल ड्राइवर कार्ड होना जरूरी है। इसके अलावा उनके पास सही श्रेणी का ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए और कमर्शियल डिलीवरी के लिए ड्राइवर की न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय की गई है। ड्राइवरों को यह भी साबित करना होगा कि उनके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, जिसके लिए उन्हें नो कनविक्शन सर्टिफिकेट देना होगा।
काम करने के तरीके में पारदर्शिता लाने के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि सभी ड्राइवर अपनी कंपनी से जुड़े हों और उनके पास एक यूनिफाइड एस्टेब्लिशमेंट आईडी नंबर होना चाहिए। इन सभी के अनुबंध मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय के 'Ajeer' प्लेटफॉर्म के जरिए बनाए जाने चाहिए। जो ड्राइवर सऊदी के नागरिक नहीं हैं, उनका पेशा सऊदी स्टैंडर्ड क्लासिफिकेशन ऑफ ऑक्यूपेशंस के हिसाब से मोटरसाइकिल चलाने के योग्य होना चाहिए। सबसे खास बात यह है कि हर ड्राइवर को TGA से मान्यता प्राप्त केंद्रों पर एक प्रोफेशनल कॉम्पिटेंसी टेस्ट यानी दक्षता परीक्षा पास करनी होगी।
कंपनियों और मोटरसाइकिलों के लिए सख्त निर्देश
केवल वही कंपनियां डिलीवरी का काम कर सकती हैं जिनके पास वैध कमर्शियल रजिस्ट्रेशन हो और जो TGA के इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म से जुड़ी हों। इन कंपनियों के पास अपने ऑपरेशन और मोटरसाइकिल रखने के लिए सही सेंटर होने चाहिए और उन पर कोई पुराना जुर्माना या बकाया फीस नहीं होनी चाहिए। नियम के अनुसार हर 50 मोटरसाइकिलों पर एक सऊदी कार्यकारी पर्यवेक्षक नियुक्त करना अनिवार्य किया गया है।
डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाली मोटरसाइकिलें खुद उसी कंपनी की होनी चाहिए जिसके नाम से लाइसेंस है। गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन और बीमा वैध होना चाहिए, उनका टेक्निकल निरीक्षण पास होना चाहिए और उनकी उम्र चार साल से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए। हर मोटरसाइकिल में मोबाइल फोन रखने की जगह, एक तय डिलीवरी बॉक्स या कूलर और काले रंग की टिंटेड विंडशील्ड लगी होनी चाहिए। इन गाड़ियों में किसी भी तरह का खतरनाक सामान या इंसानों को ले जाने की सख्त मनाही है। साथ ही वजन की सीमा का ध्यान रखना होगा और ड्राइवरों को हेलमेट, यूनिफॉर्म, कोहनी और घुटने के प्रोटेक्टर जैसे सुरक्षा उपकरण पहनकर ही मौसम के हिसाब से काम करना होगा। इन नियमों का उल्लंघन करने पर तय किए गए जुर्माने के चार्ट के हिसाब से सख्त कार्रवाई की जाएगी।