सऊदी अरब के मौसम विभाग National Center for Meteorology (NCM) ने देश के कई हिस्सों के लिए भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। इस सप्ताह के अंत तक तापमान के 47 डिग्री से 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। यह समय Jamrat Al Qaydh का है, जो गर्मी का सबसे तीव्र चरण माना जाता है और यह अगस्त की शुरुआत तक बना रह सकता है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई से 25 जुलाई के बीच पूर्वी प्रांत (Eastern Province) और रियाद क्षेत्र के पूर्वी व दक्षिणी हिस्सों में पारा 47 से 49 डिग्री तक रहेगा। वहीं, 20 जुलाई से 22 जुलाई के दौरान मक्का, मदीना और कासिम में तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
सऊदी स्वास्थ्य मंत्रालय ने नागरिकों और प्रवासियों को दोपहर के समय सीधे धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। लू और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए भरपूर पानी पीने और शरीर में नमी बनाए रखने का आग्रह किया गया है। बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है ताकि सनस्ट्रोक या थकान जैसी समस्याओं से बचा जा सके। किसी भी ताजा अपडेट के लिए निवासियों को NCM की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर नजर रखने को कहा गया है।
