सऊदी अरब के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रियाद, पूर्वी प्रांत और मक्का में तापमान बढ़ने की चेतावनी दी है। लोगों को इस तपती धूप से बचने और अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की सलाह दी गई है।

सऊदी नेशनल सेंटर ऑफ मेटियोरोलॉजी (NCM) ने जुलाई और अगस्त की शुरुआत तक तेज गर्मी रहने की भविष्यवाणी की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, रियाद और पूर्वी प्रांत में तापमान 47 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान था। मक्का और मदीना जैसे शहरों में भी पारा 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

NCM ने इन इलाकों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था। इसका मतलब है कि गर्मी बहुत ज्यादा है और लंबे समय तक धूप में रहने से सेहत बिगड़ सकती है। पिछले रिकॉर्ड देखें तो 12 जुलाई को अल-अहसा में तापमान 51.3 डिग्री और दम्माम में 50.8 डिग्री दर्ज किया गया था, जो कि बहुत अधिक है।

स्वास्थ्य मंत्रालय और डॉक्टरों ने आम लोगों और प्रवासियों को सलाह दी है कि वे प्यास न लगने पर भी खूब पानी पिएं। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए इलेक्ट्रोल और अन्य ड्रिंक्स लेने को कहा गया है। मक्का और मदीना जाने वाले जायरीन को धूप से बचने के लिए छाते का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

मजदूरों की सुरक्षा के लिए सऊदी सरकार ने कड़े नियम लागू किए हैं। गर्मियों के दौरान दिन के तय घंटों में सीधी धूप में काम करने पर पूरी तरह रोक है, ताकि काम करने वालों को हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाया जा सके।

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.