सऊदी अरब में जुलाई के महीने में प्रचंड गर्मी का असर साफ देखा जा रहा है। 21 जुलाई 2026 को यानबू एयरपोर्ट पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की रिपोर्ट सामने आई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह उस दिन पूरे सऊदी अरब में सबसे अधिक तापमान था, जिससे आम जनजीवन और बाहर काम करने वाले लोगों के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं।

सऊदी अरब में गर्मी का हाल

सऊदी अरब के राष्ट्रीय मौसम केंद्र (NCM) ने पहले ही देश के कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की थी। इससे पहले 14 जुलाई को पूर्वी प्रांत के अल-अहसा में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने दम्माम, धहरान और जुबैल जैसे शहरों में भी तापमान 49 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की चेतावनी दी थी।

हालांकि यानबू के 50 डिग्री वाले आंकड़े को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूर्वानुमान में तापमान 45 से 49 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई थी। सऊदी मौसम विज्ञानी अब्दुलअजीज अल-हुसैनी का कहना है कि यह गर्मी सऊदी अरब के वार्षिक औसत के दायरे में ही है और जून का महीना जुलाई की तुलना में कुछ क्षेत्रों में अधिक गर्म रहा था। पूरी दुनिया के लिए 21 जुलाई 2026 का दिन 1940 के बाद से वैश्विक स्तर पर अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है।

Sushma Kumari

Shushma covers Stories Around Expats and Helpful Contents Related to Daily life of Public. She completed Mass Communication Degree From Makhan lal Chaturvedi College Bhopal and Has 3 years of Field Experience. Earlier She Worked with Jagran Media Patna Office and Now Working with GulfHindi.com