सऊदी अरब में काम करने वाले कर्मचारियों और कर्ज लेने वाले लोगों के लिए Saudi Central Bank (SAMA) ने एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। अब बैंकों और फाइनेंस कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि लोन की किस्त की कटौती उसी दिन हो, जिस दिन ग्राहक की सैलरी बैंक खाते में आती है। इस नियम का मकसद वित्तीय पारदर्शिता को बढ़ावा देना और ग्राहकों के अधिकारों की रक्षा करना है।
नियमों में हुआ बड़ा बदलाव
SAMA के नए आदेश के अनुसार, अब कोई भी फाइनेंस कंपनी एक सैलरी साइकिल के दौरान एक से ज्यादा बार किस्त की कटौती नहीं कर सकेगी। इसके लिए या तो कोई कानूनी आदेश होना जरूरी है या फिर ग्राहक की अपनी मर्जी। सैलरी लेने वाले कर्मचारियों के लिए किस्त कटने की तारीख उनकी सैलरी डिपॉजिट डेट के साथ मैच होनी चाहिए। वहीं, जो लोग सैलरी नहीं लेते, उनके लिए लोन एग्रीमेंट में तारीख तय की जाएगी।
बैंकों को ऐसी तकनीक विकसित करनी होगी जिससे सैलरी आते ही किस्त तुरंत कट जाए ताकि बाद में कोई पेंडिंग पेमेंट या बोझ न बढ़े। यह बदलाव Saudi Vision 2030 के तहत वित्तीय क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए किया गया है।
Etimad प्लेटफॉर्म के जरिए होगी निगरानी
सरकार ने Etimad डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सरकारी कर्मचारियों के लिए वित्तीय सेवाओं को फिर से संगठित किया है। अब National Center for Government Resources Systems को जिम्मेदारी दी गई है कि वह लोन देने वाली कंपनियों के लिए सैलरी डिडक्शन की सेवा प्रदान करे। पुरानी नीति संख्या 490 को अब खत्म कर दिया गया है और अब सभी लेन-देन पूरी तरह से SAMA के सख्त नियमों के दायरे में होंगे।
