सऊदी अरब में इस साल रमजान के दौरान उमराह करने वालों की भारी भीड़ देखी जा रही है. सऊदी अरब रेलवे (SAR) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, रमजान के पहले 20 दिनों में Haramain High-Speed Railway के जरिए 7 लाख से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया है. यह ट्रेन मक्का और मदीना के बीच यात्रियों और तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और तेज सफर की सुविधा दे रही है. इस बार रोज औसतन 35,000 यात्री इस ट्रेन सेवा का उपयोग कर रहे हैं.

किन स्टेशनों के बीच चल रही है ट्रेन और क्या है सुविधा?

यह ट्रेन सेवा मुख्य रूप से 5 स्टेशनों को जोड़ती है. इसमें मक्का (Al-Rusaifah), मदीना, जेद्दाह (Sulaymaniyah), किंग अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (JED) और किंग अब्दुल्ला इकोनॉमिक सिटी (KAEC) शामिल हैं. रमजान के आखिरी दस दिनों में उमराह यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ट्रेन के फेरे बढ़ा दिए गए हैं. अब रोजाना 50 से ज्यादा ट्रिप चलाई जा रही हैं ताकि किसी भी यात्री को स्टेशन पर लंबा इंतजार न करना पड़े.

सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी नियम

Haramain Train में सफर करने से पहले यात्रियों को कुछ नियमों का पालन करना अनिवार्य है. टिकट की बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप से पहले ही करनी होगी क्योंकि ट्रेन लगभग 100 प्रतिशत फुल चल रही हैं.

  • सिक्योरिटी और बोर्डिंग के लिए यात्रियों को स्टेशन पर कम से कम 20 से 30 मिनट पहले पहुंचना होगा.
  • एक यात्री 25 किलो तक का एक बड़ा बैग और एक हैंड-कैरी बैग ले जा सकता है.
  • Zamzam पानी के लिए सख्त नियम हैं, आमतौर पर 5 लीटर की एक बोतल ही ले जाने की अनुमति है.
  • किसी भी तरह की नुकीली या खतरनाक चीजें साथ ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी है और सिक्योरिटी चेकिंग काफी सख्त है.
Aanya

Aanya is Ex IndiaTV Journalist. She covers Expats oriented news, views and interviews With deep understanding of what Hindi Speaking people needs as updates in daily life to avoid fines, comply rules and stay updated.