सऊदी अरब के स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को एक बड़ी चेतावनी दी है। मंत्रालय ने कहा है कि डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं को छोड़कर किसी भी अनसाइंटिफिक डाइट या डाइट प्लान को न अपनाएं। ऐसा करना सेहत के लिए बहुत खतरनाक हो सकता है और मामला गंभीर हो सकता है।

मंत्रालय ने बताया कि कई ऐसे मामले सामने आए हैं जहाँ लोगों ने अपनी ज़रूरी दवाइयाँ बंद कर दीं या उनकी डोज़ कम कर दी। खासकर शुगर के मरीजों ने इंसुलिन लेना बंद कर दिया, जिसकी वजह से उनके ब्लड शुगर लेवल में भारी बढ़ोतरी हुई और उन्हें इमरजेंसी में ICU में भर्ती करना पड़ा।

Tayyibat Diet से बचने की सलाह

स्वास्थ्य मंत्रालय ने खास तौर पर Tayyibat Diet (तय्यिबात डाइट) या Al-Taybat System के प्रति आगाह किया है। बताया गया है कि यह डाइट लोगों को दवाइयाँ छोड़ने और चीनी व सैचुरेटेड फैट वाली चीज़ों को ज़्यादा खाने के लिए उकसाती है, जबकि इसमें फल और सब्ज़ियों को पूरी तरह छोड़ने की बात कही जाती है।

सही जानकारी कहाँ से लें

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी केवल भरोसेमंद और आधिकारिक सूत्रों से ही लें। इसके लिए लोग Live Healthy प्लेटफॉर्म, स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल या 937 कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।

मंत्रालय ने साफ़ किया है कि कोई भी डाइट शुरू करने से पहले डॉक्टर या लाइसेंस प्राप्त न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह लेना ज़रूरी है। बिना मेडिकल सलाह के किसी भी फूड ग्रुप को पूरी तरह बंद करने से शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो सकती है।

क्या है संतुलित आहार

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार एक सही और संतुलित डाइट में ये चीज़ें होनी चाहिए:

  • खूब सारी सब्ज़ियाँ और मध्यम मात्रा में फल
  • साबुत अनाज और अलग-अलग तरह के प्रोटीन स्रोत
  • चीनी, मीठे पेय पदार्थ, नमक और सैचुरेटेड फैट का कम इस्तेमाल