Saudi Arabia Recall: सऊदी में 84 हजार से ज्यादा Toyota Camry गाड़ियां वापस मंगाई गईं, सामने आया बड़ा फॉल्ट.

सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्रालय ने वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने देश भर से कुल 84,639 Toyota Camry गाड़ियों को वापस मंगाने यानी रीकॉल का आधिकारिक आदेश जारी किया है। यह आदेश विशेष रूप से 2025 और 2026 मॉडल की गाड़ियों पर लागू होता है, जिनमें इंस्ट्रूमेंट पैनल सिस्टम से जुड़ी एक गंभीर तकनीकी खराबी पाई गई है। इस घोषणा के बाद से गाड़ी मालिकों में अपनी सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
गाड़ियों में क्या है मुख्य खराबी
अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला गाड़ी के डिजिटल सिस्टम से जुड़ा हुआ है। गाड़ियों में लगे 7-इंच कॉम्बिनेशन मीटर में सॉफ्टवेयर संबंधी गड़बड़ी आ रही है। इस तकनीकी खामी के कारण गाड़ी चलाते समय जरूरी जानकारियां ड्राइवर को दिखाई नहीं देती हैं। इसके अलावा गाड़ी के टर्न सिग्नल और इमरजेंसी हजार लाइट्स भी काम करना बंद कर सकते हैं। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब सीटबेल्ट की चेतावनी और इग्निशन की आवाज जैसे जरूरी सेफ्टी साउंड भी बंद हो जाते हैं। सऊदी मंत्रालय ने साफ किया है कि इन तकनीकी समस्याओं के एक साथ होने से सड़क पर हादसे की आशंका काफी बढ़ जाती है।
मुफ्त में होगा सॉफ्टवेयर अपडेट
सऊदी वाणिज्य मंत्रालय ने सभी प्रभावित वाहन मालिकों से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के अपने नजदीकी अधिकृत Toyota डीलरशिप से संपर्क करें। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि गाड़ियों की यह जरूरी मरम्मत पूरी तरह से फ्री यानी मुफ्त में की जाएगी। इसके तहत गाड़ियों के कॉम्बिनेशन मीटर सिस्टम में नया सॉफ्टवेयर अपडेट इंस्टॉल किया जाएगा जिससे यह तकनीकी खामी पूरी तरह ठीक हो जाएगी। भारत और अन्य देशों से सऊदी अरब में काम करने वाले प्रवासी जो इन मॉडलों का इस्तेमाल करते हैं, वे भी इस सर्विस का लाभ उठा सकते हैं ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित रह सके।
ग्लोबल सेफ्टी कैंपेन का हिस्सा
सऊदी अरब में यह स्थानीय रीकॉल असल में एक बड़े वैश्विक सुरक्षा अभियान का हिस्सा है। टोयोटा कंपनी ने पिछले महीने यानी 6 अगस्त 2026 को दुनिया भर में लगभग 655,000 गाड़ियों को वापस मंगाने का बड़ा ऐलान किया था। अकेले अमेरिका में ही इस समस्या से 508,000 से ज्यादा गाड़ियां प्रभावित हुई थीं। सऊदी अधिकारियों ने वाहन मालिकों को सलाह दी है कि वे मंत्रालय और टोयोटा कंपनी की तरफ से आने वाली आधिकारिक जानकारियों पर नजर बनाए रखें ताकि समय रहते उनकी गाड़ी की मरम्मत हो सके।