सऊदी अरब में नौकरी ढूंढने वालों और प्रवासियों के लिए एक बड़ी खबर आई है. वहां के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय (MHRSD) ने नियमों का पालन न करने वाली 14 रिक्रूटमेंट एजेंसियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं. इस कार्रवाई का मकसद भर्ती सेक्टर में पारदर्शिता लाना और प्रवासियों के अधिकारों की रक्षा करना है.

सऊदी सरकार ने किन एजेंसियों पर क्या कार्रवाई की?

मंत्रालय ने 2026 की पहली तिमाही में रिक्रूटमेंट ऑफिसों और कंपनियों की जांच की थी. इस जांच के बाद 14 एजेंसियों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया. मंत्रालय ने 3 एजेंसियों को तुरंत सस्पेंड कर दिया और 11 एजेंसियों के लाइसेंस पूरी तरह रद्द कर दिए. इन कंपनियों को अपनी गलतियां सुधारने के लिए समय दिया गया था, लेकिन समय सीमा के अंदर सुधार न करने की वजह से यह फैसला लिया गया.

एजेंसियों ने कौन से नियमों का उल्लंघन किया था?

जांच के दौरान कई गंभीर कमियां सामने आईं, जिसकी वजह से यह कार्रवाई हुई. मुख्य कारण नीचे दिए गए हैं:

  • लेबर सर्विस और भर्ती नियमों का पालन न करना.
  • ग्राहकों और लाभार्थियों का रिफंड देने में देरी करना.
  • लोगों की शिकायतों का सही तरीके से समाधान न करना.

बता दें कि मंत्री अहमद अल-राजही ने फरवरी 2026 में नियमों और पेनल्टी की लिस्ट में बदलाव किए थे, ताकि काम के माहौल को और बेहतर बनाया जा सके.

धोखाधड़ी से बचने के लिए क्या करें?

सऊदी सरकार ने सभी प्रवासियों और आम लोगों को Musaned प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. यह एक नेशनल डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए आप केवल मान्यता प्राप्त एजेंसियों के साथ ही कॉन्ट्रैक्ट कर सकते हैं. अगर किसी को किसी एजेंसी से शिकायत है, तो वह 920002866 पर कॉल कर सकता है या Musaned ऐप के जरिए अपनी रिपोर्ट दर्ज करा सकता है.

Sushma Kumari

Shushma covers Stories Around Expats and Helpful Contents Related to Daily life of Public. She completed Mass Communication Degree From Makhan lal Chaturvedi College Bhopal and Has 3 years of Field Experience. Earlier She Worked with Jagran Media Patna Office and Now Working with GulfHindi.com