मनीला के निनोय Aquino इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NAIA) पर मंगलवार रात एक हादसा हुआ जब सऊदी एयरलाइंस का एक बोइंग 787 विमान खड़े हुए फिलीपीन एयरलाइंस के एयरबस A320 से टकरा गया. इस टक्कर की वजह से दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या स्टाफ को कोई चोट नहीं आई.
ℹ️: ईरान ने कतर के टैंकर पर किया हमला, दुनिया भर में बढ़े तेल के दाम, Brent Crude पहुंचा 76 डॉलर के पार।
यह घटना 7 जुलाई 2026 को रात करीब 11:38 बजे हुई. सऊदी एयरलाइंस की फ्लाइट SV871 जेद्दा के लिए उड़ान भरने की तैयारी में थी और टैक्सी कर रही थी. इसी दौरान विमान का विंगटिप यानी पंख का सिरा बे 25 पर खड़े फिलीपीन एयरलाइंस (PAL) के विमान के पिछले हिस्से (रडर) से जा टकराया.
सऊदी की इस फ्लाइट में 252 यात्री सवार थे. हादसे के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया और इस उड़ान को कैंसिल कर दिया गया. वहीं, फिलीपीन एयरलाइंस का विमान उस समय पूरी तरह खाली था.
टक्कर के बाद दोनों विमानों को सर्विस से हटा दिया गया है ताकि उनकी तकनीकी जांच की जा सके. फिलीपींस के सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAAP) को इस बारे में जानकारी दे दी गई है और अब मामले की पूरी जांच की जा रही है. जांच के दौरान हवाई अड्डे के रिकॉर्ड और बातचीत के डेटा की जांच की जाएगी ताकि हादसे की सही वजह पता चल सके.
एयरपोर्ट चलाने वाली कंपनी न्यू NAIA इंफ्रा कॉर्प (NNIC) ने बताया कि वे एयरलाइंस और अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं. इस हादसे के बावजूद हवाई अड्डे का कामकाज सामान्य रूप से चलता रहा और अन्य उड़ानों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा.
