शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने 36वें शारजाह रमजान फेस्टिवल की घोषणा कर दी है. यह फेस्टिवल 15 फरवरी 2026 से शुरू होकर 25 मार्च तक चलेगा. इस बार का आयोजन ‘Year of Family’ यानी परिवार के वर्ष के साथ जोड़ा गया है. पूरे शारजाह में 39 दिनों तक चलने वाले इस फेस्टिवल में लोगों को खरीदारी के साथ-साथ कई बड़े इनाम जीतने का मौका मिलेगा. यह आयोजन शारजाह के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों जैसे कलबा, खोरफक्कन और अल धैद में भी होगा.

कब से कब तक चलेगा फेस्टिवल और क्या है टाइमिंग?

यह मुख्य फेस्टिवल 15 फरवरी से शुरू होगा और 25 मार्च को खत्म होगा. इसके अलावा ‘रमजान नाइट्स’ प्रदर्शनी 6 मार्च से 22 मार्च तक एक्सपो सेंटर शारजाह में लगेगी. एक्सपो सेंटर में जाने के लिए बड़ों को 5 दिरहम का टिकट लेना होगा, जबकि 12 साल से छोटे बच्चों की एंट्री बिल्कुल फ्री रहेगी. वहां पार्किंग के लिए कोई पैसा नहीं देना होगा और यह पूरी तरह मुफ्त है.

लकी ड्रॉ में भाग लेने के लिए क्या करना होगा?

अगर आप लकी ड्रॉ में शामिल होना चाहते हैं तो आपको कम से कम 200 दिरहम की खरीदारी करनी होगी. खरीदारी के बाद रसीद को SCCI के स्मार्ट ऐप पर अपलोड करना होगा. इसके बाद आप इलेक्ट्रॉनिक ड्रॉ का हिस्सा बन जाएंगे. फेस्टिवल में कुल 1 लाख दिरहम का कैश प्राइज रखा गया है, जिसमें 10 लोगों को 10-10 हजार दिरहम मिलेंगे. इसके अलावा स्मार्टफोन्स और टेबलेट्स भी इनाम में दिए जाएंगे.

कौन से मॉल और जगहों पर मिलेगा फायदा?

शारजाह के कई बड़े मॉल इस फेस्टिवल का हिस्सा हैं. इनमें सहारा सेंटर, मेगा मॉल, सिटी सेंटर शारजाह, 06 मॉल और अल रहमानिया मॉल शामिल हैं. अगर कोई ‘वॉल ऑफ लॉकर्स’ एक्टिविटी में भाग लेना चाहता है, तो उसे दो दिनों के अंदर 500 दिरहम खर्च करने होंगे. ऐसा करने पर उन्हें एक चाबी मिलेगी जिससे वे लॉकर खोलकर इनाम जीत सकते हैं.

Praggya Singh sabal

Journalist from Noida. Covering Delhi, NCR and National Updates.