इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को एक हादसा होते-होते बच गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट का एक विमान उड़ान भरने के दौरान रनवे के नजदीक बिजली के खंभे से जा टकराया। इसमें कोई जन हानि नहीं हुई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब स्पाइस जेट का विमान श्रीनगर (जम्मू कश्मीर) के लिए उड़ान भर रहा था। इस हादसे में विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया है। घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है। एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि इस हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

bqh8temo

उल्लेखनीय है कि इसी साल फरवरी महीने में भी दिल्ली एयरपोर्ट से अमृतसर (पंजाब) जा रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। यह विमान एयर विस्तारा का था। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर पंजाब जा रहे एयर विस्तारा के विमान में हाइड्रोलिक ब्रेक काम नहीं करने के कारण इसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। उस दौरान विमान में कुल 146 यात्री सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एयर पोर्ट अथारिटी द्वारा सभी मानकों का अनुपालन किया गया था। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरे विमान से अमृतसर रवाना किया गया था।