तेहरान और दुबई के बीच हवाई सफर करने वालों के लिए एक बड़ी खबर आई है। ईरान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने ऐलान किया है कि 1 जुलाई से दोनों शहरों के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू हो जाएंगी। इस फैसले के बाद अब लोग आसानी से तेहरान और दुबई के बीच यात्रा कर सकेंगे।

ईरान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, तेहरान और दुबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स के बीच फ्लाइट्स का संचालन फिर से शुरू होगा। अच्छी बात यह है कि इस रूट के लिए टिकटों की बिक्री पहले ही शुरू की जा चुकी है, ताकि यात्री अपनी बुकिंग कर सकें।

बता दें कि क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा कारणों से इन उड़ानों को पहले रोक दिया गया था। इसमें ईरान, इसराइल और अमेरिका के बीच चल रही सैन्य खींचतान की वजह से हवाई क्षेत्र में पाबंदियां लगाई गई थीं। अब इन उड़ानों का फिर से शुरू होना तेहरान और अबू धाबी के बीच चल रही राजनयिक बातचीत की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

हालांकि, यूरोपीय संघ की विमानन सुरक्षा एजेंसी (EASA) ने एयरलाइंस को अभी भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। एजेंसी ने कहा है कि सुरक्षा चिंताओं और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में जोखिम के कारण 1 जुलाई तक ईरान, इराक और लेबनान के हवाई क्षेत्र से बचने की कोशिश करें। इसके साथ ही यूएई, सऊदी अरब, कतर और कुवैत जैसे देशों के हवाई क्षेत्र में भी सावधानी बरतने को कहा गया है।

एयरलाइंस की बात करें तो ईरानी एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं दोबारा शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। दूसरी ओर, विदेशी एयरलाइंस ने अभी तक ईरान के लिए उड़ानें शुरू नहीं की हैं, लेकिन इस बारे में बातचीत चल रही है। लुफ्थांसा (Lufthansa) कंपनी सर्दियों तक अपनी सेवाओं को फिर से शुरू करने पर विचार कर रही है। वहीं एयर फ्रांस (Air France) 1 जुलाई से दुबई वापस आएगी, लेकिन यह सेवा खास तौर पर तेहरान-दुबई रूट के लिए नहीं होगी।