यूएई में 18 जुलाई 2026 को ‘यूनियन प्लेज डे’ के रूप में मनाया गया। इस दिन को यूएई के गठन की नींव रखने वाले संस्थापकों द्वारा 1971 में यूनियन के घोषणापत्र और संविधान पर हस्ताक्षर करने की याद में मनाया जाता है। इस खास मौके पर देश के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने इसे देश के इतिहास और संघीय यात्रा को सेलिब्रेट करने का बड़ा मौका बताया है।
देश के विकास की नई कहानी
नेशनल मीडिया ऑफिस के चेयरमैन अब्दुल्ला बिन मोहम्मद बिन बुट्टी अल हामेद ने बताया कि यह दिन यूएई की पहचान को मजबूती देता है। पिछले 55 सालों में यूएई ने विकास के जो कीर्तिमान स्थापित किए हैं, वे दुनिया के लिए एक मिसाल हैं। 2026 वर्ल्ड कॉम्पिटिटिवनेस रिपोर्ट में यूएई दुनिया भर में पांचवें स्थान पर रहा है और लगातार दसवें साल क्षेत्रीय लीडर बना हुआ है।
आर्थिक मोर्चे पर बड़ी सफलता
यूएई ने आर्थिक क्षेत्र में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है। 2025 में देश का नॉन-ऑयल विदेशी व्यापार 3.8 ट्रिलियन दिरहम के आंकड़े को पार कर गया है, जो 2024 के मुकाबले लगभग 27 प्रतिशत ज्यादा है। इसके अलावा, नॉन-ऑयल निर्यात में भी 45.5 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी देखी गई है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग और मानवीय कार्यों के प्रति भी अपना संकल्प दोहराया है, जो यहां रहने वाले हर नागरिक और प्रवासी के लिए एक गौरव की बात है।
