संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में पाकिस्तान के नागरिकों के लिए ट्रांजिट वीज़ा बंद होने की खबरें पिछले 24 घंटों से सोशल मीडिया पर चल रही थीं। इन खबरों पर अब खुद UAE में पाकिस्तान के राजदूत शफकत अली खान ने सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ये खबरें पूरी तरह गलत हैं और ट्रांजिट वीज़ा की प्रक्रिया पहले की तरह ही चल रही है। यह अफवाह एक वायरल स्क्रीनशॉट की वजह से फैली थी, जिसमें दावा किया गया था कि वीजा अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

वीज़ा बंद होने की अफवाह कैसे फैली?

सोशल मीडिया पर एक नोटिस का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ था, जिसे VFS Global और Emirates से जुड़ा बताया जा रहा था। इसमें लिखा था कि पाकिस्तानियों के लिए 48-घंटे और 96-घंटे के ट्रांजिट वीज़ा को ‘अस्थायी रूप से निलंबित’ कर दिया गया है। इसके बाद यात्रियों में काफी कंफ्यूजन फैल गया। राजदूत शफकत अली खान ने साफ शब्दों में कहा है कि वीज़ा प्रोसेसिंग जारी है और लोग आधिकारिक एयरलाइन चैनलों पर ही भरोसा करें।

ट्रांजिट वीज़ा की फीस और नियम

अगर कोई यात्री UAE के रास्ते किसी तीसरे देश जा रहा है, तो वह ट्रांजिट वीज़ा ले सकता है। इसके लिए एतिहाद (Etihad) या अमीरात (Emirates) जैसी एयरलाइंस स्पॉन्सरशिप देती हैं। यात्री को एयरपोर्ट से बाहर जाने के लिए यह वीज़ा पहले से ही अरेंज करना होता है।

  • 48-घंटे का वीज़ा: इसका वीज़ा चार्ज शून्य बताया जाता है लेकिन प्रोसेसिंग फीस लगभग 50 से 150 AED लगती है। पाकिस्तानी रुपये में यह करीब 7,000 से 12,000 रुपये होता है। इसे जारी होने के 14 दिनों के भीतर इस्तेमाल करना होता है।
  • 96-घंटे का वीज़ा: इसकी कीमत करीब 50 से 216 AED है, जो पाकिस्तानी मुद्रा में 15,000 से 18,000 रुपये के बीच बैठती है। इसे जारी होने के 30 दिनों के अंदर इस्तेमाल करना जरूरी है।
  • शर्तें: यात्री के पास आगे की यात्रा का कन्फर्म टिकट होना चाहिए और लेओवर का समय कम से कम 8 से 24 घंटे होना चाहिए।

यात्रियों के लिए काम की सलाह

UAE में रहने वाले लाखों पाकिस्तानी प्रवासियों और यूरोप या अमेरिका जाने वाले यात्रियों के लिए दुबई और अबू धाबी बड़े ट्रांजिट हब हैं। ऐसे में वीज़ा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सीधे एयरलाइंस की वेबसाइट या एम्बेसी से संपर्क करना चाहिए। सोशल मीडिया पर चल रही बातों को सच मानकर अपनी यात्रा का प्लान न बदलें। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि इमिग्रेशन नियम सख्त जरूर हैं, लेकिन बैन जैसा कोई फैसला नहीं लिया गया है।

Sushma Kumari

Shushma covers Stories Around Expats and Helpful Contents Related to Daily life of Public. She completed Mass Communication Degree From Makhan lal Chaturvedi College Bhopal and Has 3 years of Field Experience. Earlier She Worked with Jagran Media Patna Office and Now Working with GulfHindi.com