UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान के डिप्लोमैटिक एडवाइजर डॉ. अनवर गर्गाश ने ईरान की हरकतों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने साफ कहा कि ईरान तनाव कम करने की कोशिशों में नाकाम रहा है। गर्गाश के मुताबिक ईरान ने खाड़ी देशों पर जो हमले किए वे सोचे-समझे और योजनाबद्ध थे।
डॉ. अनवर गर्गाश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए तेहरान को चेतावनी दी है। उन्होंने ईरान से समझदारी दिखाने और जिम्मेदारी से व्यवहार करने को कहा है। गर्गाश ने सीधे शब्दों में कहा कि ईरान की लड़ाई उसके पड़ोसियों के साथ नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि इसराइल और ईरान के बीच चल रहा विवाद तेहरान को दुनिया से अलग कर रहा है। गर्गाश ने कहा कि ईरान का मिसाइल प्रोग्राम पूरे क्षेत्र के लिए खतरे की निशानी है और इसी वजह से ईरान को क्षेत्रीय अस्थिरता का मुख्य कारण माना जा रहा है।
UAE के अधिकारी ने जोर दिया कि अगर इस संकट का कोई राजनीतिक समाधान निकालना है, तो ईरान को यह गारंटी देनी होगी कि वह दोबारा नागरिक बुनियादी ढांचे और सुविधाओं पर हमला नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि खाड़ी देश तरक्की और खुशहाली की राह पर चलना चाहते हैं और वे अब और टकराव बर्दाश्त नहीं कर सकते। लंबे समय तक चलने वाला संघर्ष पूरे मिडिल ईस्ट के लिए बुरा साबित हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर ईरान तनाव कम करने को प्राथमिकता देता है, तो बातचीत का रास्ता अभी भी खुला है।
