UAE में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक ज़रूरी खबर है। भारतीय दूतावास अपनी पासपोर्ट और वीज़ा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अब एक नया सर्विस प्रोवाइडर लाने जा रहा है। इस बदलाव की वजह से कुछ समय के लिए रेगुलर सेवाओं पर रोक लगाई गई है और केवल इमरजेंसी काम ही किए जा रहे हैं।

दूतावास ने जानकारी दी है कि 1 जुलाई 2026 से Alhind Tours and Travel LLC अब पासपोर्ट, वीज़ा और एटेस्टेशन का काम संभालेगा। इससे पहले यह ज़िम्मेदारी BLS International और SGIVS Global के पास थी। इस ट्रांज़िशन की वजह से 26 जून से 1 जुलाई 2026 तक रेगुलर अपॉइंटमेंट्स को निलंबित रखा गया है।

इस बीच अबू धाबी में भारतीय दूतावास और दुबई में कॉन्सुलेट जनरल केवल इमरजेंसी केस ही देख रहे हैं। इमरजेंसी सेवाओं में ज़रूरी पासपोर्ट, वीज़ा और एटेस्टेशन जैसे काम शामिल हैं। अगर किसी को तुरंत मदद चाहिए तो वे टोल-फ्री नंबर 800 46342 (800 INDIA), व्हाट्सएप +971 54 309 0571 या ईमेल pbsk.dubai@mea.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।

सभी रेगुलर सेवाएं 2 जुलाई 2026 से फिर से शुरू हो जाएंगी। Alhind एक नया अपॉइंटमेंट पोर्टल शुरू करेगा और UAE के अलग-अलग हिस्सों में 16 इंडियन कॉन्सुलर एप्लीकेशन सेंटर (ICACs) खोलेगा। इसकी पूरी जानकारी दूतावास और कॉन्सुलेट के सोशल मीडिया हैंडल पर दी जाएगी।

इसके अलावा इंडियन एसोसिएशन शारजाह में रविवार को एटेस्टेशन की सुविधा उपलब्ध है। दुबई कॉन्सुलेट के अधिकारी रविवार सुबह 9:00 बजे से 11:30 बजे तक वहां आते हैं। डॉक्यूमेंट जमा करने के लिए शनिवार से गुरुवार सुबह 8:00 से रात 10:00 बजे तक और शुक्रवार को सुबह 8:00 से 11:30 तथा शाम 5:00 से रात 10:00 बजे तक का समय तय किया गया है।