UAE में ईरानी मिसाइल हमले में एक नागरिक की मौत, शेख थेयब ने पीड़ित परिवार को दी सांत्वना
यूएई की राजधानी अबू धाबी में ईरान के मिसाइल हमले के कारण एक फिलिस्तीनी नागरिक अला नादेर मुश्तहा की जान चली गई. इस घटना के बाद डेवलपमेंट एंड फॉलन हीरोज अफेयर्स के उपाध्यक्ष शेख थेयब बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने मजलिस अल हवाशिम में आयोजित शोक सभा में जाकर परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिया.
अल बाहिया इलाके में गिरी मिसाइल
आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की तरफ से यूएई पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए गए. एक मिसाइल अबू धाबी के अल बाहिया इलाके में एक गाड़ी पर गिरी. इसी हमले में इस नागरिक की मौत हुई है. इस समय यूएई एयर डिफेंस फोर्स पूरी तरह से सक्रिय है और ईरान की तरफ से आ रहे मिसाइलों को हवा में ही रोक रही है. यूएई और फिलिस्तीन के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है और इसे क्षेत्र की शांति के लिए बड़ा खतरा बताया है.
ईद की नमाज और सुरक्षा के लिए नए निर्देश
मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यूएई काउंसिल फॉर फतवा ने आम जनता के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत आगामी ईद की नमाज खुले मैदान के बजाय सिर्फ मस्जिदों के अंदर ही पढ़ी जाएगी. इसके अलावा अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें और एयर डिफेंस से जुड़ी अपडेट के लिए सिर्फ ऑफिशियल चैनलों पर ही भरोसा करें. सरकारी जानकारी के मुताबिक देश में दवाइयों और जरूरी सामान का पूरा स्टॉक मौजूद है और घबराने की कोई बात नहीं है.




